गैरसैंण में CM धामी का विकास पर बड़ा फोकस! ₹231.91 करोड़ की 12 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास..

रामगंगा नदी पर ₹122.69 करोड़ से बनेगा बांध, भू-धंसाव से सुरक्षा के लिए ₹50.18 करोड़ के कार्यों की शुरुआत; सड़क, शिक्षा, पेयजल और पुलिस सुविधाओं को मिलेगी मजबूती..

गैरसैंण (चमोली): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में जनपद चमोली के विकास को गति देते हुए ₹231.91 करोड़ की लागत वाली 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹197.87 करोड़ की छह योजनाओं का शिलान्यास और ₹34.04 करोड़ की लागत से पूर्ण हुई छह योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं के माध्यम से पेयजल आपूर्ति, सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-धंसाव से सुरक्षा और पुलिस एवं अग्निशमन सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया है।

रामगंगा नदी पर ₹122.69 करोड़ से बनेगा बांध

मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास की गई योजनाओं में सबसे प्रमुख गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रामगंगा नदी पर बांध निर्माण परियोजना है। इस योजना पर ₹122.69 करोड़ खर्च किए जाएंगे। परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को मजबूत आधार मिलने की उम्मीद है।

इसके अतिरिक्त कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में भू-धंसाव से सुरक्षा के लिए ₹50 करोड़ 18 लाख 68 हजार की लागत से होने वाले कार्यों का शिलान्यास किया गया। यह परियोजना स्थानीय आबादी की सुरक्षा और भू-धंसाव से प्रभावित क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षात्मक उपायों की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

यह भी पढ़ें 👉  31st सेलिब्रेशन के लिए जा रहे हो पहाड़ों की रानी मसूरी . तो जान लीजिए नया ट्रैफिक प्लान, ताकि ना हो कोई परेशानी…

पॉलिटेक्निक भवन और सड़क परियोजनाओं को मिली गति

शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण के लिए ₹12 करोड़ 16 लाख 64 हजार तथा राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में भवन अनुरक्षण कार्य के लिए ₹22 लाख 75 हजार की योजना का शिलान्यास किया गया।

सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए ₹6 करोड़ 99 लाख 20 हजार की लागत से कुमोली रैवान मोटर मार्ग के किलोमीटर दो से फरखण्डे मोटर मार्ग तक संबंधित कार्य और ₹5 करोड़ 60 लाख 50 हजार की लागत से गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग के किलोमीटर दो से कुमोली रैवान मोटर मार्ग से संबंधित कार्यों की शुरुआत की गई।

₹34.04 करोड़ की छह योजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पूर्ण हो चुकी छह विकास योजनाओं को भी जनता को समर्पित किया। इनमें प्रमुख रूप से सड़क सुधार, डामरीकरण, शैक्षिक सुविधाओं और पुलिस एवं अग्निशमन अवस्थापना से जुड़े कार्य शामिल हैं।

यह भी पढ़ें 👉  सरेआम युवती के साथ मारपीट वीडियो का SSP देहरादून ने लिया तत्काल संज्ञान.. मारपीट करने वाले 03 युवकों को पुलिस ने लिया हिरासत में.

खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग (बछुवाबाण-चौखुटिया) के उच्चीकरण कार्य पर ₹14 करोड़ 82 लाख 32 हजार खर्च किए गए हैं। वहीं, राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में ₹4 करोड़ 37 लाख 86 हजार की लागत से निर्मित ऑडिटोरियम भवन का लोकार्पण किया गया।

इसके अलावा सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के किलोमीटर छह से 11 तक सुधार एवं डामरीकरण कार्य पर ₹4 करोड़ 3 लाख 41 हजार खर्च किए गए। कारगिल शहीद रणजीत सिंह (आगर-जिनगोड़) मोटर मार्ग के किलोमीटर एक से आठ तक सुधार, डामरीकरण एवं नवीनीकरण का कार्य ₹2 करोड़ 17 लाख 98 हजार की लागत से पूरा किया गया।

पुलिस और अग्निशमन सुविधाओं को मजबूती

गैरसैंण में सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण भवनों का भी लोकार्पण किया गया। इनमें ₹4 करोड़ 37 लाख 70 हजार की लागत से निर्मित फायर यूनिट भवन और ₹4 करोड़ 24 लाख 88 हजार की लागत से निर्मित थाना गैरसैंण भवन शामिल हैं।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून जनपद में चौकी प्रभारीयों के हुए तबादले…

इन भवनों से क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था और अग्निशमन सेवाओं के लिए आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर प्रतिक्रिया देने की क्षमता विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर

गैरसैंण में इन 12 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास पर्वतीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। रामगंगा बांध परियोजना से पेयजल आपूर्ति को मजबूती देने, बहुगुणानगर में भू-धंसाव से सुरक्षा कार्यों के माध्यम से स्थानीय आबादी की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क परियोजनाओं से आवागमन बेहतर बनाने पर जोर दिया गया है।

वहीं, शिक्षण संस्थानों के भवन, पुलिस थाना और फायर यूनिट जैसी सुविधाओं से क्षेत्र की शैक्षिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

परमजीत सिंह लाम्बा

संपादक - ख़बर सनसनी PH-7454913200,7906640014

सम्बंधित खबरें