
नवरात्र से पहले खाद्य विभाग का बड़ा अभियान…
देहरादून :शारदीय नवरात्र को देखते हुए देहरादून में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने खाद्य कारोबारियों और ऑनलाइन स्टोरों के खिलाफ निरीक्षण अभियान चलाया।आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड श्री विनय शंकर पांडेय के आदेश और जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना के नेतृत्व में टीम ने सहस्त्रधारा रोड, आईटी पार्क समेत नगर निगम क्षेत्र में स्थित ऑनलाइन इंस्टामार्ट स्टोर और डिपार्टमेंट स्टोरों का निरीक्षण किया।
नवरात्र में व्रत के दौरान इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों पर विशेष फोकस रहा। खाद्य कारोबारियों को कुट्टू के आटे समेत व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री खाद्य सुरक्षा आयुक्त की ओर से जारी एसओपी के अनुसार करने के निर्देश दिए गए।
संदेह के आधार पर खाद्य विभाग ने 15 खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए।
नगर निगम क्षेत्र से कुट्टू आटा, घी, सरसों तेल, पैक्ड दूध और साबूदाना के सैंपल लिए गए, जबकि विकासनगर क्षेत्र से कुट्टू आटा, पनीर और मैगी नूडल्स के नमूने जांच के लिए लिए गए।
सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, निरीक्षण के दौरान एक ऑनलाइन स्टोर में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कमियां पाए जाने पर विभाग की ओर से नोटिस भी जारी किया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 15 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।
खाद्य विभाग ने साफ किया है कि नवरात्र के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि नवरात्र में मिलावटी या मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। अब प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कारोबारियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
















