
पार्षद सहित परिजनों क़ो जहरीला पदार्थ खिलाकर चोरी करने की घटना सामने आई थी..
देहरादून:थाना बसंत विहार क्षेत्र के वसंत कुंज में भाजपा पार्षद के घर हुई लाखों रुपये की ज्वेलरी चोरी का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में 32 वर्षीय शानू पुत्र खुर्शीद अहमद को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई करीब 8 लाख रुपये की ज्वेलरी शत-प्रतिशत बरामद होने का पुलिस ने दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर 2026 को घर का ताला तोड़कर ज्वेलरी चोरी किए जाने की शिकायत मिली थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
इसी दौरान पुलिस ने चेकिंग के दौरान मालिक चौक से आगे शास्त्रीनगर खाला पुलिया के पास आरोपी शानू को दबोच लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी की ज्वेलरी को बेचने के लिए बाहर निकलने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने मकान की रेकी की थी। मौका मिलते ही कथित तौर पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
बरामद सामान में मंगलसूत्र, अंगूठियां, झुमके और टॉप्स शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तीन मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद अब जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि आरोपी ने अकेले वारदात को अंजाम दिया या उसके साथ कोई और भी शामिल था।












