
गुजरात के मुख्यमंत्री से देश के प्रधानमंत्री तक की यात्रा को बताया विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प की यात्रा…
देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा एवं सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई प्रधानमंत्री मोदी की जनसेवा की यात्रा आज विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इन 25 वर्षों में गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा उत्थान, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को प्राथमिकता दी है। अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का उनका संकल्प सभी के लिए प्रेरणादायी है।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उनकी प्रेरणा और मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार भी राज्य को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना करते हुए जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं।











