
देहरादून के प्रतिष्ठित कॉलेज मालिक के बेटे और पत्नी समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज, एसएसपी दून के निर्देश पर पुलिस जांच में जुटी..
देहरादून: राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र से जमीन धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति के जीवित रहते ही उसे सरकारी और राजस्व दस्तावेजों में मृत दिखाकर उसकी बेशकीमती जमीन हड़पने की साजिश रची गई। मामले में एक प्रतिष्ठित दून पैरामेडिकल कॉलेज सेलाकुई कॉलेज के मालिक के पुत्र संजय कुमार चौधरी, उनकी मां ओमवती और चंद्रावती के खिलाफ थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता श्यामलाल की ओर से न्यायालय में दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनके पिता स्वर्गीय ताराचंद की ईस्ट हॉप टाउन स्थित करीब 0.4050 हेक्टेयर भूमि को हड़पने के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए।सबसे गंभीर आरोप यह है कि ताराचंद की वास्तविक मृत्यु वर्ष 2016 में हुई, जबकि कथित फर्जी दस्तावेजों में उनकी मृत्यु वर्ष 2002 में दर्शाई गई। शिकायत के मुताबिक वर्ष 1995 की तारीख वाली कथित फर्जी वसीयत तैयार की गई और इसके साथ श्मशान घाट की कथित फर्जी रसीद भी इस्तेमाल की गई।
आरोप है कि इन दस्तावेजों के आधार पर राजस्व अभिलेखों में भी कथित तौर पर अपने पक्ष में प्रविष्टियां दर्ज करा ली गईं। शिकायतकर्ता का कहना है कि इससे ताराचंद के वैध वारिसों को आर्थिक नुकसान हुआ और आरोपियों को अवैध लाभ पहुंचा..मामले में थाना प्रेमनगर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 216/2026 दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक मामले में धोखाधड़ी, कूटरचना, जालसाजी, कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल, धमकी और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कथित वसीयत, मृत्यु संबंधी दस्तावेज, श्मशान रसीद और राजस्व अभिलेखों समेत अन्य दस्तावेजों की सत्यता की जांच की जाएगी। आरोप सिद्ध होना जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर निर्भर करेगा।











