Human Trafficking: मानव तस्करी के खिलाफ उत्तराखंड में बड़ा एक्शन प्लान, पंतनगर में कल जुटेंगे 200 अधिकारी-विशेषज्ञ..उत्तराखंड पुलिस, ITBP, SSB समेत कई विभाग होंगे आमने-सामने, तस्करी के नेटवर्क पर कसेगा शिकंजा.. पीड़ितों के रेस्क्यू, पुनर्वास और कानूनी कार्रवाई पर बनेगी रणनीति..

उधम सिंह नगर/पंतनगर:मानव तस्करी के खिलाफ उत्तराखंड में अब एकजुट होकर बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा। मानव तस्करी की रोकथाम, पीड़ितों के सुरक्षित रेस्क्यू, पुनर्वास और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई को लेकर 09 अक्टूबर को पंतनगर में राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है।
गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में होने वाले इस एक दिवसीय सम्मेलन में पुलिस, अर्द्धसैनिक बलों, संबंधित विभागों, अभियोजन, बाल संरक्षण तंत्र और एनजीओ समेत करीब 200 अधिकारी एवं विशेषज्ञ शामिल होंगे।
सम्मेलन का उद्घाटन अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरूगेशन करेंगे। वहीं, सम्मेलन से पहले पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
भारत-नेपाल सीमा और सीमावर्ती इलाकों में मानव तस्करी की चुनौती को देखते हुए ITBP और SSB के अधिकारी भी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा प्रदेश के सभी 13 जिलों की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट यानी AHTU के अधिकारी, पुलिस अधिकारी, बाल कल्याण पुलिस अधिकारी, बाल कल्याण समिति के सदस्य, श्रम विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और अभियोजन से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
सम्मेलन में मानव तस्करी से जुड़े कानूनी प्रावधानों, आधुनिक जांच तकनीक, पीड़ितों के रेस्क्यू और पुनर्वास जैसे मुद्दों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे।
खास फोकस इस बात पर रहेगा कि मानव तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई के लिए अलग-अलग विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय कैसे बनाया जाए और पीड़ितों को रेस्क्यू के बाद सुरक्षित माहौल, संरक्षण और पुनर्वास कैसे उपलब्ध कराया जाए।
सम्मेलन में विशेषज्ञों और प्रतिभागियों से मिलने वाले सुझावों के आधार पर मानव तस्करी की रोकथाम और पीड़ितों के संरक्षण एवं पुनर्वास के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार किए जाने की बात कही गई है।

यह भी पढ़ें 👉  गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में देश की पहली ‘Land Border District SPs Conference-2026’ नई दिल्ली में सम्पन्न.. डीजीपी सहित उत्तराखण्ड के पांचों अन्तरराष्ट्रीय सीमावर्ती जनपदों के पुलिस अधीक्षकों ने किया प्रतिभाग..

परमजीत सिंह लाम्बा

संपादक - ख़बर सनसनी PH-7454913200,7906640014

सम्बंधित खबरें