नटवरलाल:नीली बत्ती लगाकर घूम रहा था फर्जी RPF अधिकारी, दून पुलिस ने दबोचा; अर्टिगा कार से पी-कैप और बैज बरामद..

असिस्टेंट कमांडेंट बनकर लोगों पर झाड़ रहा था रौब, ठगी की फिराक में था आरोपी; डोईवाला पुलिस और RPF की संयुक्त टीम ने किया गिरफ्तार।

देहरादून। उत्तराखंड में फर्जी अधिकारी बनकर लोगों पर रौब झाड़ने और ठगी करने की कोशिश का मामला सामने आया है। देहरादून पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीम ने खुद को RPF का सहायक सुरक्षा आयुक्त (असिस्टेंट कमांडेंट) बताकर घूम रहे एक फर्जी अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी नीली बत्ती लगी अर्टिगा कार में सवार था। पुलिस ने उसके कब्जे से RPF की पी-कैप और बैज भी बरामद किया है।यह कार्रवाई प्रदेशभर में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई।

लच्छीवाला फ्लाईओवर के पास पकड़ा गया फर्जी अधिकारी

पुलिस के मुताबिक, 5 नवंबर 2026 को कोतवाली डोईवाला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति खुद को RPF का वरिष्ठ अधिकारी बताकर संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है। सूचना मिलते ही डोईवाला पुलिस और RPF देहरादून की संयुक्त टीम ने लच्छीवाला फ्लाईओवर के पास रेलवे लाइन के समीप चेकिंग अभियान चलाया।इस दौरान टीम को नीली बत्ती लगी एक मारुति सुजुकी अर्टिगा कार दिखाई दी। कार के डैशबोर्ड पर RPF की पी-कैप रखी हुई थी। वाहन में मौजूद व्यक्ति खुद को मुरादाबाद मंडल का सहायक सुरक्षा आयुक्त बताकर आने-जाने वाले लोगों और वाहन चालकों पर रौब झाड़ रहा था।

यह भी पढ़ें 👉  भाईचारा: राजभवन में आयोजित सर्वधर्म गोष्ठी में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी..सभी समुदायों और संप्रदायों को मिलकर राष्ट्रीय एकता,भाईचारे और शांति का संदेश देना है:CM धामी..

पूछताछ में खुली फर्जी अधिकारी की पोल

पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान स्मित कुमार पुत्र राजीव शर्मा, निवासी शिवाला कला, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई। जब पुलिस ने उससे अधिकारी होने का पहचान पत्र मांगा तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।इसके बाद पुलिस ने RPF के मंडल मुख्यालय से संपर्क कर जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि स्मित कुमार नाम का कोई व्यक्ति वहां अधिकारी के पद पर तैनात नहीं है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाएं शुरू,नकल रोकने के लिए परीक्षार्थियों के जूते तक निकलवाये गए..CCTV और धारा 144 का भी पहरा..

पुलिस की सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह RPF में कोई अधिकारी नहीं है। कर्ज में डूबे होने के कारण लोगों पर रौब जमाकर आसानी से पैसे कमाने के इरादे से फर्जी अधिकारी बनकर घूम रहा था।

कार सीज, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुलिस और RPF की संयुक्त टीम ने आरोपी स्मित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी नीली बत्ती लगी मारुति सुजुकी अर्टिगा कार (UK 07 HQ 2387) को सीज कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  नयागांव चौकी क्षेत्र में खनन के वाहन ने सड़क पर चलते व्यक्ति को कुचला…मौके पर मौत..गुस्साए स्थानीय निवासियों ने रोड जाम कर हंगामा काटा.. पुलिस स्थिति ने संभाल हाईवे का रास्ता खुलवाया गया… हंगामा जारी..

कोतवाली डोईवाला में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 343/2026, धारा 204/205 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

ये सामान हुआ बरामद

  • मारुति सुजुकी अर्टिगा कार (UK 07 HQ 2387)।
  • वाहन पर लगी नीली बत्ती।
  • RPF सहायक सुरक्षा आयुक्त की पी-कैप।
  • RPF का बैज।

पुलिस की कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि वर्दी, पद और सरकारी पहचान का फर्जी इस्तेमाल कर आम लोगों पर रौब झाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खबर सनसनी : देहरादून

परमजीत सिंह लाम्बा

संपादक - ख़बर सनसनी PH-7454913200,7906640014

सम्बंधित खबरें