
भारी बर्फबारी और खराब मौसम के बीच SDRF-NIM का सर्च ऑपरेशन जारी, अब तक 5 पुरुष और 2 महिलाओं की मौत की पुष्टि, दुर्गम हिमालय में जिंदगी की तलाश में जुटी रेस्क्यू टीमें।
उत्तरकाशी, 06 नवंबर 2026..उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र में कुदरत का कहर लगातार सामने आ रहा है। उत्तरकाशी के केदारताल ट्रेक क्षेत्र में भारी हिमपात और हिमस्खलन की चपेट में आकर लापता हुए ट्रेकर्स एवं सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश में चलाए जा रहे सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में अब तक 7 शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें 5 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। हादसे में लापता कुल 8 लोगों में से एक व्यक्ति अभी भी लापता है, जिसकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

आज तीन और शव बरामद, हेलीकॉप्टर से पहुंचाए गए उत्तरकाशी
शुक्रवार, 6 नवंबर को सैटेलाइट फोन के माध्यम से मिली सूचनाओं के आधार पर SDRF और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) की संयुक्त टीम ने लापता लोगों के संभावित स्थानों पर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान हिमस्खलन की चपेट में आकर बर्फ में दबे तीन पुरुषों के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए।
रेस्क्यू टीम ने अत्यंत कठिन परिस्थितियों के बीच तीनों शवों को सुरक्षित बेस कैंप पहुंचाया। यहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से शवों को मातली हेलीपैड लाया गया, जिसके बाद जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
पहले चार, अब तीन और शव मिले
इससे पहले चलाए गए रेस्क्यू अभियान में चार शव बरामद हुए थे। इनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। शुक्रवार को तीन और पुरुषों के शव मिलने के बाद मृतकों की कुल संख्या सात पहुंच गई है।
- कुल लापता व्यक्ति – 08
- अब तक बरामद शव – 07
- पुरुष – 05
- महिलाएं – 02
- अभी भी लापता – 01
सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में जारी है अभियान
सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी के दिशा-निर्देशन में SDRF की टीमें उच्च हिमालयी क्षेत्र में भारी बर्फबारी, प्रतिकूल मौसम और बेहद चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बीच लगातार अभियान चला रही हैं।
SDRF और NIM की टीमें अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई हैं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और मौसम की चुनौतियों के बावजूद रेस्क्यू टीमों का अभियान जारी है।
फिलहाल पूरे उत्तरकाशी की निगाहें केदारताल में चल रहे इस रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हैं। सात लोगों की मौत की पुष्टि के बाद अब सबसे बड़ी चुनौती आठवें लापता व्यक्ति की तलाश है।
खबर सनसनी: डिजिटल न्यूज़..











