
देहरादून: उत्तराखंड राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। शुक्रवार को परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को विकसित एवं समृद्ध राज्य बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।





मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर मिलने को पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने पुलिस के अधिकारियों और जवानों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री का आभार जताया।
विकास के आंकड़ों से रखी प्रदेश की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड कनेक्टिविटी, पर्यटन, उद्योग, स्वरोजगार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश का बजट लगभग 1 लाख 11 हजार 703 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस वर्ष राज्य की जीएसडीपी लगभग 3 लाख 82 हजार करोड़ रुपये, प्रति व्यक्ति आय करीब 2 लाख 74 हजार रुपये और आर्थिक वृद्धि दर 7.23 प्रतिशत रहने का अनुमान है।उन्होंने नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखंड के प्रथम स्थान, खनन क्षेत्र में 200 करोड़ रुपये के पुरस्कार और मत्स्य विकास में मिले राष्ट्रीय सम्मान का भी उल्लेख किया। पर्यटन और फिल्म निर्माण के क्षेत्र में मिले पुरस्कारों को भी राज्य की उपलब्धियों में शामिल किया।
26 साल के सफर और भविष्य के विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखंड राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखंड राज्य का सपना साकार किया था। अब सरकार राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रयासरत है।
लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव की अपील
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राजनीतिक विरोध, अफवाहों और हिंसा से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना और असहमति व्यक्त करना अधिकार है, लेकिन युवाओं को भड़काना और हिंसा को प्रोत्साहित करना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रदेशवासियों से शांति, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि की जनता विकास, सुरक्षा, सुशासन और जवाबदेह शासन चाहती है। राज्य सरकार इन अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।












