
मुख्यमंत्री बोले– सरदार पटेल ने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर रखी अखंड भारत की नींव, देश की एकता और अखंडता के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा…
देहरादून:मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के घंटाघर स्थित भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पित रहा। अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व के बल पर उन्होंने देश की 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।उन्होंने कहा कि देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री के रूप में सरदार पटेल के योगदान को प्रत्येक भारतवासी सदैव याद रखेगा। राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत रहेगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।











