
18 वर्षों से नशा उन्मूलन अभियान चला रहे ललित मोहन जोशी, 1,500 से अधिक शिक्षण संस्थानों में 8 लाख युवाओं से किया सीधा संवाद; सुपर-300 मिशन के तहत हर साल 300 जरूरतमंद विद्यार्थियों को मिल रही निःशुल्क उच्च शिक्षा..
देहरादून: सामाजिक सरोकारों, नशा उन्मूलन और जरूरतमंद मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए शिक्षाविद् ललित मोहन जोशी को ‘देवभूमि विकास सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। देहरादून में इंडिया वाइस न्यूज चैनल की ओर से आयोजित ‘देवभूमि से विकास संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

CIMS एवं UIHMT ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के चेयरमैन और सजग इंडिया के अध्यक्ष ललित मोहन जोशी पिछले 18 वर्षों से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के अभियान में जुटे हैं। सजग इंडिया के माध्यम से संचालित इस अभियान के तहत उत्तराखंड सहित आसपास के राज्यों के 1,500 से अधिक शिक्षण संस्थानों में 8 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया जा चुका है।
नशे से दूर रहने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश
युवा संवाद कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने, अनुशासन अपनाने और शिक्षा के माध्यम से बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाकर उन्हें सकारात्मक दिशा देना है।
सुपर-300 मिशन: हर साल 300 विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस में छूट
शिक्षा के क्षेत्र में भी ललित मोहन जोशी की ओर से ‘सुपर-300 मिशन एजुकेशन स्कीम’ संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत प्रतिवर्ष आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के 300 योग्य विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस में छूट के साथ उच्च शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस योजना के तहत चिकित्सा, पैरामेडिकल, प्रबंधन, कंप्यूटर, होटल मैनेजमेंट, विधि सहित विभिन्न व्यावसायिक एवं उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों को अध्ययन का अवसर मिल रहा है।
वीर नारियों और सैनिक परिवारों के बच्चों को भी शिक्षा का अवसर
सुपर-300 मिशन के तहत भारतीय सेना में सेवारत सैनिकों के आश्रितों और वीर नारियों के बच्चों को भी निःशुल्क उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने की पहल की गई है। इसका उद्देश्य सैनिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर देकर उनके भविष्य को मजबूत बनाना है।
ललित मोहन जोशी का मानना है कि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की शिक्षा और सपनों में बाधा नहीं बनना चाहिए। इसी सोच के साथ एक ओर युवाओं को नशे से बचाने का अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के जरिए आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
‘देवभूमि विकास सम्मान 2026’ को उनके इन्हीं सामाजिक, शैक्षिक और जनकल्याणकारी प्रयासों की पहचान के रूप में देखा जा रहा है। नशामुक्त समाज के निर्माण और जरूरतमंद विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने की ये पहलें युवाओं के भविष्य को लेकर किए जा रहे उनके निरंतर प्रयासों को रेखांकित करती हैं।











