
नरेंद्रनगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नरेंद्रनगर में 50वें सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का ध्वजारोहण कर शुभारंभ किया। नवरात्रि के प्रथम दिन आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मां कुंजापुरी की पूजा-अर्चना की, सांस्कृतिक झांकियों का अवलोकन किया और विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेला उत्तराखंड की लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का प्रतीक है। सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने, पलायन रोकने और युवाओं को स्थानीय रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड की बिक्री छह करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है और राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है।
धामी ने टिहरी झील के आसपास पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, जलक्रीड़ा, साहसिक पर्यटन और होमस्टे को बढ़ावा देने की जानकारी दी। उन्होंने नरेंद्रनगर में पॉलिटेक्निक के उच्चीकरण, विधि महाविद्यालय, गजा अस्पताल और करीब 50 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना सहित विभिन्न विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
मेले में छोलिया नृत्य, मां कुंजापुरी, महिषासुर मर्दिनी और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। 11 से 19 अक्टूबर तक चलने वाले मेले में खेल प्रतियोगिताओं के साथ नरेंद्र सिंह नेगी, मीना राणा, किशन महिपाल, पांडवाज बैंड और अन्य कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। समापन पर पद्मश्री प्रीतम भरतवाण जागर गायन करेंगे।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।



















