
हरिद्वार में कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री का बयान, मां गंगा का पूजन कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की..
हरिद्वार/देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके नेतृत्व, सुशासन और राष्ट्रसेवा की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का 25 वर्षों का कार्यकाल सेवा, संकल्प और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा राष्ट्रनीति को राजनीति से ऊपर रखते हुए देशहित और जनकल्याण को प्राथमिकता दी है।
हरिद्वार में आयोजित कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत की थी। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है। इस उपलब्धि के प्रति आभार व्यक्त करते हुए राज्य मंत्रिमंडल ने मां गंगा का पूजन किया और प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने हासिल की नई उपलब्धियां
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने अर्थव्यवस्था, रक्षा, विज्ञान, नवाचार, खेल और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इससे देशवासियों का आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया है।
मुख्यमंत्री ने जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। वहीं, लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी पहलों के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा मिला है। युवाओं के लिए स्टार्टअप और कौशल विकास के अवसर भी बढ़े हैं।
रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सेना और सैनिकों की जरूरतों को प्राथमिकता दी है। चार दशक के इंतजार के बाद सैनिकों को वन रैंक, वन पेंशन योजना का लाभ मिला। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी दृढ़ कार्रवाई का संदेश दिया है। उनके अनुसार, भारत अब रक्षा उपकरणों के आयात पर निर्भर रहने के बजाय कई देशों को रक्षा सामग्री का निर्यात भी कर रहा है।
उत्तराखंड में कनेक्टिविटी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में सड़क, रेल, हवाई संपर्क और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं को गति मिली है। ऑल वेदर रोड से चारधाम यात्रा को सुविधाजनक बनाने में मदद मिली है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस वर्ष चारधाम यात्रा में अब तक 58 लाख से अधिक तीर्थयात्री पहुंच चुके हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आदि कैलाश दौरे के बाद इस क्षेत्र में तीर्थाटन को बढ़ावा मिला है। हर्षिल से शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहन मिलने से राज्य में सालभर पर्यटन की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। प्रधानमंत्री द्वारा माणा गांव पहुंचकर सीमांत गांवों को देश के प्रथम गांव के रूप में पहचान देने का संदेश भी सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा है।
आपदा के समय केंद्र से मिला सहयोग
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सिलक्यारा सुरंग हादसे, धराली आपदा और सहस्रताल ट्रैक पर फंसे पर्यटकों के रेस्क्यू जैसे कठिन समय में केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को सहयोग दिया। उन्होंने बताया कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय घटकर लगभग ढाई घंटे रह गया है। भविष्य में हरिद्वार को भी इससे जोड़ने की योजना है।
उन्होंने बदरीनाथ और केदारनाथ पुनर्विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाओं का विस्तार हुआ है। केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं के साथ सौंग, जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं को भी मंजूरी मिली है। हरिद्वार में विकास कार्यों के साथ दूसरे मेडिकल कॉलेज को शुरू करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
₹2.25 लाख करोड़ की परियोजनाओं पर काम जारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तराखंड में करीब 2.25 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेललाइन का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से 45 से अधिक विमान सेवाएं संचालित हो रही हैं, जबकि पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार पर भी काम आगे बढ़ रहा है। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर को शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 से अधिक बार उत्तराखंड आ चुके हैं। विदेश दौरों के दौरान उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को विदेशी मेहमानों को उपहार में देकर उन्होंने राज्य की संस्कृति और उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल और प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के राष्ट्रसेवा के सफर के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और उत्तराखंड विकास, आत्मनिर्भरता तथा जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करते रहेंगे।











