
देहरादून: आम उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, देहरादून द्वारा लगातार जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय एवं जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर 27 सितंबर 2026 को ऋषिकेश क्षेत्र के नान्नूवाला, रेशम माजरी, लालतप्पड़ और छिदरवाला में Mobile Food Testing Laboratory में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।खाद्य सचल विश्लेषणशाला( Mobile Food Testing Laboratory )के माध्यम से स्वीट्स शॉप, रेस्टोरेंट, ढाबों सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में मिठाई, दूध एवं दुग्ध पदार्थ, मसाले, अनाज एवं अनाज उत्पाद, तेल सहित अन्य खाद्य पदार्थों की मौके पर निःशुल्क जांच की गई।
अभियान के दौरान कुल 91 खाद्य पदार्थों की जांच की गई। इनमें 18 खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिसके बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों एवं निर्माण इकाइयों को नोटिस जारी किए गए।
जांच में 07 मिठाई, 13 दूध एवं दुग्ध पदार्थ, 32 मसाले, 27 अनाज एवं अनाज उत्पाद, 08 ऑयल तथा 04 अन्य खाद्य पदार्थों को मौके पर परखा गया।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, देहरादून मनीष सयाना ने बताया कि खाद्य सचल विश्लेषणशाला के माध्यम से मौके पर ही खाद्य पदार्थों की जांच के साथ-साथ खाद्य कारोबारियों एवं खाद्य कार्मिकों को खाद्य गुणवत्ता, सुरक्षा और मानकों के संबंध में जागरूक एवं प्रशिक्षित भी किया जा रहा है।
इस विशेष अभियान में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन देहरादून मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश संतोष कुमार सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र देहरादून रमेश सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर, संजय तिवारी एवं जूनियर एनालिस्ट खाद्य सचल और जितेंद्र भंडारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।



खाद्य विभाग के अनुसार जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी खाद्य सचल विश्लेषणशाला के माध्यम से जांच, जनजागरूकता और प्रशिक्षण अभियान जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।









