देहरादून में SIR के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, 3,992 मतदाताओं की शुद्ध बढ़ोतरी—अब 11.94 लाख से ज्यादा वोटर,36,042 नए नाम जुड़े, 32,050 नाम हटे; सहसपुर में सबसे ज्यादा 1.60 लाख मतदाता..

जिले में 2,045 पोलिंग स्टेशन निर्धारित..

देहरादून :विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के बाद देहरादून जिले की फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन शनिवार को कर दिया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अंतिम मतदाता सूची के आंकड़े साझा किए। सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली और सर्विस निर्वाचक नामावली की हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कॉपी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई गई।
SIR के बाद जिले में कुल 11 लाख 94 हजार 797 मतदाता पंजीकृत हैं। 14 जुलाई को प्रकाशित प्रारूप सूची में यह संख्या 11 लाख 90 हजार 805 थी। यानी पुनरीक्षण के बाद जिले में 3,992 मतदाताओं की शुद्ध बढ़ोतरी दर्ज की गई है।अंतिम सूची में 6,17,041 पुरुष, 5,77,706 महिलाएं और 50 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 9,371 सर्विस मतदाता भी पंजीकृत हैं।
SIR के दौरान 36,042 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि मृत्यु, स्थानांतरण और अन्य कारणों से 32,050 नाम हटाए गए। इस तरह नए जुड़े और हटाए गए नामों के बाद अंतिम सूची में 3,992 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि हुई है।

विधानसभा क्षेत्रवार देखें तो सहसपुर में सबसे ज्यादा 1,60,507 मतदाता हैं। धर्मपुर में 1,50,400, डोईवाला में 1,46,980, रायपुर में 1,38,164 और ऋषिकेश में 1,25,553 मतदाता पंजीकृत हैं।
वहीं चकराता में 1,04,060, विकासनगर में 1,00,402, मसूरी में 98,953, देहरादून कैंट में 89,209 और राजपुर रोड में 80,569 मतदाता हैं। जिले की सभी 10 विधानसभा सीटों में कुल 2,045 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने SIR कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग के लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी दायित्व भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रविन्द्र ज्वांठा, जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
मुख्य आंकड़े:
11,94,797 — कुल मतदाता | +3,992 — शुद्ध बढ़ोतरी | 36,042 — नए नाम | 32,050 — हटाए गए नाम | 2,045 — पोलिंग स्टेशन.

यह भी पढ़ें 👉  पाँच राज्यो में चुनाव कराने की तारीखों का हुआ ऐलान. प्रदेश में आज से आचार संहिता लागू. *जानिए कब,कँहा कितनी तारीख होगा मतदान*

परमजीत सिंह लाम्बा

संपादक - ख़बर सनसनी PH-7454913200,7906640014

सम्बंधित खबरें