
एक दिन पहले भी 104 खाद्य पदार्थों की जांच में 23 मानकों के अनुरूप नहीं मिले, संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस.
देहरादून: आम उपभोक्ताओं और छात्रों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन देहरादून की टीम ने सोमवार को दून यूनिवर्सिटी स्थित अलकनंदा हॉस्टल, गेस्ट हाउस कैंटीन समेत अन्य कैंटीनों का निरीक्षण किया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय एवं जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में खाद्य विभाग की टीम अपने साथ खाद्य सचल विश्लेषणशाला भी लेकर पहुंची..सचल प्रयोगशाला के माध्यम से हॉस्टल और कैंटीन में छात्रों एवं अन्य लोगों को परोसे जाने वाले खाद्य पदार्थों की मौके पर ही निःशुल्क जांच की गई। कुल 54 खाद्य पदार्थों की जांच में दूध एवं दुग्ध पदार्थों के 06, मसालों के 23, अनाज एवं अनाज उत्पादों के 19, ऑयल के 02 तथा 04 अन्य खाद्य पदार्थ शामिल रहे।
खाद्य विभाग के अनुसार जांच के दौरान 09 खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिसके बाद संबंधित को नोटिस जारी किया गया। वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र रमेश सिंह ने हॉस्टल से तैयार खाद्य पदार्थों के 05 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। इससे एक दिन पहले 28 सितंबर को सचल खाद्य विश्लेषणशाला द्वारा नन्दा की चौकी, सुद्धोवाला, हरबर्टपुर और धर्मावाला क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों के 104 खाद्य पदार्थों की जांच की गई थी। इनमें से 23 खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिस पर संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस दिए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की जांच एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।










