
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज कैंप कार्यालय, देहरादून से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत हरियाणा भ्रमण पर जा रहे युवाओं से संवाद किया और उनके दल को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, जीवनशैली, स्थानीय विशेषताओं, विकास कार्यों और नवाचारों को करीब से जानने-समझने का अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही, ये उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और विशिष्ट पहचान को देशभर में पहुंचाने का माध्यम भी बनते हैं।
मुख्यमंत्री ने युवा क्रिएटर्स से आह्वान किया कि वे हरियाणा भ्रमण के दौरान वहां की संस्कृति और बेहतर कार्यप्रणालियों को समझने के साथ-साथ उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, प्राकृतिक विरासत और विकास की संभावनाओं से भी वहां के लोगों को परिचित कराएं।












