
रन फॉर यूनिटी में CM धामी ने किया ऐलान, मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 होगी; मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि ₹5 लाख से बढ़ाकर ₹10 लाख..
देहरादून: राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं, खिलाड़ियों और प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।






मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि PRD जवानों का मानदेय बढ़ाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब का गठन किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि दोगुनी
खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की घोषणा की। प्रतियोगिताओं में वर्तमान में शामिल 32 खेलों की संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। इसमें पारंपरिक खेलों को भी विशेष रूप से शामिल किया जाएगा।
वहीं, चैंपियनशिप ट्रॉफी के ओवरऑल विजेता जनपद को दिए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि ₹5 लाख से बढ़ाकर ₹10 लाख कर दी जाएगी। प्रतियोगिता के आयोजन के लिए निर्धारित कुल धनराशि में भी वृद्धि की जाएगी।
न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक बढ़ेगी पुरस्कार राशि
मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्तरों पर विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने की घोषणा भी की।
- न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार ₹300 से ₹400, द्वितीय ₹200 से ₹300 और तृतीय ₹150 से ₹200 होगा।
- विधानसभा स्तर पर प्रथम ₹500 से ₹700, द्वितीय ₹400 से ₹500 और तृतीय ₹300 से ₹400 किया जाएगा।
- संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम ₹800 से ₹1,000, द्वितीय ₹600 से ₹800 और तृतीय ₹400 से ₹600 होगा।
- राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार ₹1,500 से ₹2,000, द्वितीय ₹1,000 से ₹1,500 और तृतीय ₹700 से ₹1,000 किया जाएगा।
आमवाला में बनेगा मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र
मुख्यमंत्री ने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से सटी रिक्त भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने की घोषणा की। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। इससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ सेना में भर्ती की तैयारी के लिए प्रशिक्षण की सुविधा भी मिल सकेगी।
सरदार पटेल को किया नमन, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार दिया।उन्होंने कहा कि हमारी सबसे पहली पहचान भारतीय होने की है। ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे आयोजन राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने और सरदार पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और इस लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने युवाओं से खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशे से दूर रहने की अपील की। साथ ही नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे पर जताया शोक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बदरीनाथ धाम से लौटते समय जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने भगवान बदरी विशाल से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एवं खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।











