
हर बार की तरह आकस्मिक रात्रि चेकिंग में छात्र गुटों के पीजी/हॉस्टल से सुपारी तक नहीं मिली..
हॉस्टलों में अनियमितता मिलने पर 04 हॉस्टल संचालकों को नोटिस,रात्रि में अनावश्यक रूप से घूम रहे 04 युवकों को हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ..आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त छात्र/छात्रा के साथ प्रतिष्ठान संचालक के विरूद्ध भी कानूनी कार्यवाही की चेतावनी..
पीजी/हॉस्टल में रहने वाले छात्र/छात्राओं को दी स्पष्ट हिदायत, पढाई की आड में हुडदंग नहीं होगा बर्दाश्त, होगी सख्त वैधानिक कार्यवाही..पीजी/हॉस्टल संचालकों को नियमों का सख्ताई से पालन कराने के दिये निर्देश
बिना सत्यापन के छात्रों को पीजी/हास्टल में न रखने तथा रात्रि में छात्र/छात्राओं के अनावश्यक रूप से घूमते हुए पाये जाने पर सम्बन्धित प्रतिष्ठान संचालक के विरूद्ध भी की जायेगी कार्यवाही: पुलिस
देहरादून :पढाई की आड में हुडदंग और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त छात्र/छात्राओं का आतंक एक बार फिर से देहरादून में बढ़ता नज़र आ रहा हैं. छात्र गुटों के बीच व्यक्तिगत विवाद से लेकर आपसी रंजिश और कॉलेजों में वर्चस्व की लड़ाई आये दिन सड़कों पर गोलीबारी /फायरिंग के रूप नज़र आ रहीं हैं. दूसरी तरफ हर बार की तरह घटनाओं के उपरांत पुलिस कार्यवाही के नाम पर पीजी और हॉस्टलों जैसे प्रतिष्ठानों में आकस्मिक रात्रि निरक्षण कर संबंधित लोगों को चेतावनी दें रहीं हैं. थाना प्रेमनगर क्षेत्र में स्थित पीजी/हॉस्टलों में रहने वाले आपराधिक किस्म के छात्र छात्राओं को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हेतु एसएसपी देहरादून द्वारा एक बार फिर से सख्त निर्देश दिए गये हैं. इसी आदेश के क्रम में 20 अगस्त 2026 की देर रात्रि एसपी सिटी के नेतृत्व में पुलिस के अलग-अलग टीमों द्वारा प्रेमनगर क्षेत्र मेंनज़र स्थित हास्टल/पीजी में आकस्मिक रूप में फिर से अभियान चलाया गया।






प्रेमनगर पुलिस के अनुसार इस आकस्मिक चेकिंग अभियान के दौरान सभी प्रतिष्ठान संचालकों से उनके प्रतिष्ठान में रहने वाले छात्र/छात्राओं के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त करते हुए उन्हें अपने प्रतिष्ठान में रहने वाले छात्र/छात्राओं का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने और प्रतिष्ठानों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवीें कैमरे लगवाने की हिदायत दी गई। इसके साथ ही सभी प्रतिष्ठान संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों में निवासरत छात्र/छात्राओं के प्रवेश की समयसीमा रात्रि 10 बजे निर्धारित करनेे के लिए कहा गया. वही इसके अतिरिक्त प्रतिष्ठान में आने वाले बाहरी व्यक्तियों को सत्यापन के बाद ही प्रतिष्ठान में आने की अनुमति देने और आने जाने वाले व्यक्तियों का सम्पूर्ण ब्यौरा अपने पास सुरक्षित रखने के निर्देश दिये गये। हालांकि हर बार की घटना के उपरांत की गई इस आकस्मिक रात्रि चेकिंग के दौरान किसी भी छात्र गुटों के प्रतिष्ठान (पीजी/हॉस्टलों )से पुलिस को सुपारी तक नहीं मिली. जबकि सड़कों पर आए दिन हथियार लेकर छात्र गुट गोलीबारी कर आतंक बनाए हुए हैं.
पुलिस के अनुसार इसके साथ ही प्रतिष्ठान में रहने वाले छात्र/छात्राओं के रात्रि में अनावश्यक रूप से घूमते हुए पाये जाने, किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता अथवा प्रतिष्ठानों में छात्रों द्वारा नशीले पदार्थो के सेवन से सम्बन्धित किसी भी शिकायत पर सम्बन्धित छात्र के साथ-साथ प्रतिष्ठान संचालक के विरूद्ध भी वैधानिक कार्यवाही की चेतावनी दी गई..अभियान के दौरान 04 हॉस्टल में अनियमितता पाए जाने पर पुलिस द्वारा संबंधित हॉस्टल संचालकों को नोटिस देकर तय समयसीमा के अंदर सभी अनियमितताओं को दूर करने के निर्देश दिए गए, साथ ही चेकिंग के दौरान देर रात्रि में आवश्यक रूप से घूम रहे 04 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ हेतु थाने लाया गया।
आख़िरकार कब उठाये जाएंगे प्रभावी कदम??.
बहराल देहरादून जैसे शांत शहर में आये दिन सार्वजनिक स्थानों पर दहशत का माहौल बनाकर गोलीबारी/फायरिंग जैसी घटनाओं के घटित होने पर कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लाजमी हैं.क्योंकि लंबे समय से इस तरह की सरेआम गुंडई वाली घटनाएं बदस्तूर ज़ारी हैं,इसके बावजूद आजतक कोई प्रभावी कदम पुलिस विभाग द्वारा नहीं उठाया गया हैं.यही कारण हैं की बाहरी राज्यों से आये अपराधी किस्म के छात्र गुट देहरादून को दिल्ली एनसीआर जैसा आपराधिक गढ़ बनाने में तुले हैं..









