
हरिद्वार कुंभ 2027 की तैयारियों में लापरवाही पर सख्ती! मेलाधिकारी सोनिका और कुंभ IG डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने किया निर्माणाधीन रिंग रोड का निरीक्षण, NHAI को मजदूर और मशीनें बढ़ाने के निर्देश…
हरिद्वार: आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। बहादराबाद-जगजीतपुर-कांगड़ी रिंग रोड के निर्माण में धीमी प्रगति सामने आने पर मेलाधिकारी सोनिका, कुंभ मेला पुलिस महानिरीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह रावत और एसएसपी कुंभ ने नाराजगी जताई। अधिकारियों ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को कुंभ मेला शुरू होने से पहले सड़क निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।




श्रमिक कम, निर्माण की रफ्तार धीमी
23 अक्टूबर को मेला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने NHAI के अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन रिंग रोड का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गति धीमी और मौके पर श्रमिकों की संख्या अपेक्षाकृत कम पाई गई। इब्राहिमपुर, एक्कड़ आरओबी और जगजीतपुर साइट पर पुलों तथा पहुंच मार्गों का निर्माण भी अधूरा मिला।
दिन-रात दो शिफ्टों में होगा काम
निर्माण में देरी पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों ने कार्यदायी संस्था को श्रमिकों और निर्माण उपकरणों की संख्या बढ़ाने तथा दिन और रात की दो शिफ्टों में काम कराने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कुंभ मेले की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रिंग रोड का समय पर तैयार होना बेहद जरूरी है।
CCTV से होगी 24 घंटे निगरानी
निर्माण कार्यों में तेजी और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के लिए एक्कड़ आरओबी, इब्राहिमपुर और जगजीतपुर साइटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। इन कैमरों का एक्सेस मेला प्रशासन को दिया जाएगा, जिससे निर्माण स्थलों की 24 घंटे निगरानी की जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भट्ट, यातायात पुलिस उपाधीक्षक उमेश मलिक सहित मेला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।


अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि NHAI निर्माण कार्यों की रफ्तार कितनी तेजी से बढ़ाता है और कुंभ मेले से पहले रिंग रोड तैयार करने का लक्ष्य किस हद तक पूरा हो पाता है।











