
राजपुर थाने में दर्ज मामले में कार्रवाई,ऑपरेशन प्रहार के तहत राजपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को सफलता. पूछताछ के आधार पर पॉक्सो समेत अन्य धाराएं बढ़ाईं..
देहरादून: नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे ₹50 हजार के इनामी आरोपी को देहरादून पुलिस ने हरियाणा के पंचकूला से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नाबालिग युवती को भी बरामद किया है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। उसकी तलाश में कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन वह पुलिस की पकड़ से बाहर था।


2024 में दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस के अनुसार, 5 मई 2024 को एक महिला ने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री को कोई व्यक्ति जबरन घर से ले गया है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान बिजनौर, उत्तर प्रदेश निवासी विनय की संलिप्तता सामने आई। ऐसे में लगातार फरार रहने के चलते आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र की ओर से ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
सर्विलांस से मिला सुराग, पंचकूला में दबिश
वर्तमान में चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एसएसपी देहरादून के निर्देश पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की गई। इसी क्रम में राजपुर थाना पुलिस ने सर्विलांस और अन्य माध्यमों से आरोपी की तलाश की। जानकारी मिलने पर राजपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम हरियाणा रवाना हुई।
पुलिस ने 22 अक्टूबर 2026 को पिंजौर, पंचकूला क्षेत्र से आरोपी विनय को गिरफ्तार कर लिया और नाबालिग युवती को बरामद किया।
पूछताछ के बाद पॉक्सो अधिनियम की धाराएं बढ़ीं
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग युवती से पूछताछ के आधार पर मुकदमे में आईपीसी की धारा 366A, 376(3) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(l)/6 की बढ़ोतरी की गई है। बरामद युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी: विनय पुत्र राजेश, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम करौली, थाना मंडावली, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश।
देहरादून पुलिस का कहना है कि फरार और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।











