खेलों के मंच से CM धामी का संदेश: जीत-हार से बड़ा है अनुशासन और राष्ट्रभावना का संस्कार..

37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह में विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित, बोले मुख्यमंत्री– खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध..

गाजियाबाद, 4 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, एकता, आत्मविश्वास और राष्ट्रभावना को मजबूत करने का सशक्त जरिया हैं। खेल का मैदान देश की विविध संस्कृतियों को एक सूत्र में पिरोने का काम करता है और यही भारत की वास्तविक एकता का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री बुधवार को गाजियाबाद में विद्या भारती द्वारा आयोजित 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह-2026 के समापन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों, भाषाओं और संस्कृतियों से आए खिलाड़ियों का एक मंच पर जुटना अपने आप में लघु भारत का दर्शन कराता है। खेल विद्यार्थियों को केवल प्रतिस्पर्धा करना ही नहीं सिखाते, बल्कि सहयोग, नेतृत्व, धैर्य और एक-दूसरे की संस्कृति का सम्मान करना भी सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि जीत खिलाड़ी को आगे बढ़ने का उत्साह देती है, जबकि हार अपनी कमियों को पहचानकर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देती है।

यह भी पढ़ें 👉  सड़क पर सरेआम हमलाकर गुंडई दिखाना युवकों को पड़ा भारी..दून पुलिस ने उतारी सारी खुमारी..08 अभियुक्त गिरफ्तार…

विद्या भारती के योगदान की सराहना

मुख्यमंत्री ने विद्या भारती की सराहना करते हुए कहा कि संस्था शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। वर्ष 1952 में गोरखपुर से शुरू हुई यह शैक्षिक यात्रा आज देश के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंच चुकी है। सीमांत, ग्रामीण, जनजातीय और वंचित क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार के लिए संस्था के प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में स्वस्थ शरीर को जीवन के सभी कर्तव्यों की पूर्ति का आधार माना गया है। खेलों से विद्यार्थियों में साहस, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक जिम्मेदारी जैसे गुण विकसित होते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री और खेल मंत्री ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के लिए टीम को रवाना किया...राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाएंगे प्रदेश के 75 होनहार युवा.....

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसी पहल देश में खेल संस्कृति को नई मजबूती दे रही हैं। अब सामान्य परिवारों के युवाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रदेश में खेल सुविधाओं, प्रशिक्षण और संसाधनों का विस्तार कर रही है। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिले और उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।

यह भी पढ़ें 👉  तहसील रिकवरी अमीन को भ्रष्टाचार मामले में विजिलेंस कोर्ट से 2 साल का सश्रम कारावास..

मुख्यमंत्री ने पेरिस पैरालंपिक-2024 के रजत पदक विजेता निषाद कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

समारोह के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में जुटे विद्या भारती के पदाधिकारियों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और कार्यकर्ताओं की सराहना की।

इस अवसर पर विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के महामंत्री देशराज शर्मा, अखिल भारतीय सह-संगठन मंत्री यतीन्द्र कुमार शर्मा, अखिल भारतीय संयोजक खेल विभाग मुक्तेश बगेशा, डॉ. विजय पाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे…

परमजीत सिंह लाम्बा

संपादक - ख़बर सनसनी PH-7454913200,7906640014

सम्बंधित खबरें