खटीमा में शिक्षा को मिली आधुनिक उड़ान!.CM धामी ने किया मॉडल प्राथमिक विद्यालय नगला तराई का लोकार्पण,स्मार्ट क्लास से STEM लैब तक मिलेंगी सुविधाएं..

₹65.07 लाख से मंच व परिसर का सौंदर्यीकरण, आधुनिक सुविधाओं से लैस हुए विद्यालय के पांच कक्ष; बच्चों से मिले मुख्यमंत्री, झूला झुलाकर बांटी चॉकलेट और उपहार

खटीमा:मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के मॉडल प्राथमिक विद्यालय नगला तराई का लोकार्पण किया। विद्यालय के पुनर्निर्माण एवं आधुनिकीकरण के साथ राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगला तराई में ₹65.07 लाख की लागत से निर्मित मंच और परिसर के सौंदर्यीकरण कार्यों का भी उद्घाटन किया। आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से सुसज्जित इस विद्यालय में अब बच्चों को स्मार्ट क्लास, प्रयोगशाला और STEM लैब के माध्यम से पढ़ाई के नए अवसर मिलेंगे।

लोकार्पण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री का बच्चों के प्रति आत्मीय अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने नन्हे विद्यार्थियों से बातचीत की, उन्हें चॉकलेट और उपहार बांटे तथा परिसर में लगे झूलों पर बच्चों को स्वयं झूला झुलाया। मुख्यमंत्री ने स्मार्ट क्लास और प्रयोगशाला का निरीक्षण कर शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी भी ली।

खेल-खेल में विज्ञान और तकनीक सीखेंगे बच्चे

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से तैयार इस विद्यालय में करीब 70 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। यहां पांच आधुनिक कक्ष विकसित किए गए हैं। विशेष रूप से स्थापित STEM लैब के जरिए विद्यार्थी खेल-खेल में विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित की बारीकियां समझ सकेंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच पहुंचकर ऐसे विद्यालय का लोकार्पण करना उनके लिए गौरव का क्षण है।

यह भी पढ़ें 👉  सीनियर सिटीजन को विशेष सुरक्षा देना हमारी प्राथमिकता:SSP, सांसद एवं मेयर सहित नगर वासियों ने यहाँ किया दून SSP समेत थाने को सम्मानित..

शिक्षा के लिए सरकार का बड़ा बजट

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई स्तरों पर काम किया जा रहा है। प्रदेश के 32 पीएम श्री विद्यालयों के लिए चार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी की गई है। वहीं कक्षा एक से 12वीं तक के 1.45 लाख विद्यार्थियों को नोटबुक उपलब्ध कराने के लिए करीब आठ करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।

डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 87 माध्यमिक विद्यालयों में वर्चुअल क्लास, 264 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और 16 विद्यालयों में कंप्यूटर लैब स्थापित करने का कार्य प्रगति पर है। मेधावी विद्यार्थियों और महाविद्यालयों के छात्रों को टैबलेट उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  ग़ज़ब:उत्तराखंड ऊर्जा विभाग को बिजली चोरी से सालाना लगभग एक हजार करोड़ का नुकसान.चोरी रोकने में नाकाम विभाग..घाटे का सारा बोझ नियमित भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं पर!..

16 हजार से अधिक विद्यार्थियों को मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 152 राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा आठ से दस तक के 16 हजार से अधिक विद्यार्थियों को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जा रही है। कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों को नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि आर्थिक परिस्थितियां किसी विद्यार्थी की प्रतिभा और सपनों के रास्ते में बाधा न बनें।

डिजिटल लाइब्रेरी और बालिका शिक्षा पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम श्री थारू राजकीय इंटर कॉलेज में 3.24 करोड़ रुपये की लागत से डिजिटल लाइब्रेरी और विद्यालय के सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। रुद्रपुर में एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से जिला पुस्तकालय तथा खटीमा के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पांच करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नए भवन का निर्माण कराया जा रहा है।

सीमांत क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं

यह भी पढ़ें 👉  कर्ज के बोझ को उतारने, दो दोस्तों ने चुना अपराध के रास्ता..अब जा पहुँचे सलाखों के पीछे..ज्वैलरी शॉप में हुई चोरी का दून पुलिस ने किया खुलासा..

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमांत गांवों को देश के पहले गांव के रूप में पहचान देने का कार्य किया है। नगला तराई और आसपास के क्षेत्र में बागवानी, कृषि, मधुमक्खी पालन, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के स्टार्टअप और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। इन क्षेत्रों को बढ़ावा देकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है….अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संघर्षों से सीख लेकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की रुचि और क्षमता पहचानकर उन्हें सही दिशा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समर्पित शिक्षक किसी भी विद्यार्थी के जीवन की दिशा बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिला पंचायत सदस्य सूरज धामी, ग्राम प्रधान दीपू मेहरा, दिनेश राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शाशनी, इंडिया ग्लाइकोल्स के निदेशक आलोक सिंघल, राजेश कुमार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

परमजीत सिंह लाम्बा

संपादक - ख़बर सनसनी PH-7454913200,7906640014

सम्बंधित खबरें