
निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता स्वस्थ लोकतंत्र की मजबूत नींव : मुख्यमंत्री..
‘सबके राम’ का संदेश समाज को जोड़ने, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है : धामी
हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन में आयोजित कार्यक्रम में ‘एनकेबी टाइम्स’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष, सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता बेहद जरूरी है।



मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता समाज को जागरूक करने के साथ ही जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। पत्रकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की आवाज बनकर उसकी समस्याओं को उजागर करते हैं और उनके समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि एनकेबी टाइम्स जनसरोकारों को प्राथमिकता देते हुए पत्रकारिता के मूल्यों को आगे बढ़ाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘सबके राम’ की अवधारणा पर भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक धर्म, जाति या वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके आदर्श संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। त्याग, संयम, साहस, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा से परिपूर्ण उनका जीवन समाज को सदैव सही दिशा दिखाता है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर भगवान श्रीराम को ऊर्जा, समाधान और अनंतकाल का प्रतीक बताया था। अयोध्या से रामेश्वरम तक भगवान श्रीराम से जुड़ी आस्था और परंपराएं भारत की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करती हैं। ‘सबके राम’ का भाव समाज में एकता, सद्भाव और परस्पर सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करता है।
इस अवसर पर श्री नमन कृष्ण महाराज ने भी भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और आध्यात्मिक महत्व पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या, राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, नवीन वर्मा, भावना मेहरा, रेणु अधिकारी, एनकेबी टाइम्स के निदेशक आदित्य सिसौदिया, सिद्धार्थ सिसौदिया, आशुतोष सिंह, गणेश जोशी सहित कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।











