
विकसित उत्तराखंड विजन-2047 जारी, 28 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था और 20 लाख रुपये प्रतिव्यक्ति आय का लक्ष्य…
440 संकेतकों के आधार पर तय होंगे विकास के लक्ष्य, परिवारों को मिलेगी विशिष्ट देवभूमि परिवार आईडी
देहरादून : उत्तराखंड में सरकारी योजनाओं को पात्र परिवारों तक पहुंचाने और प्रदेश के दीर्घकालिक विकास की रूपरेखा तैयार करने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को दो महत्वपूर्ण पहल कीं। मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में उन्होंने ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ का शुभारंभ किया और ‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ का विमोचन किया।



एक परिवार, एक डिजिटल पहचान
देवभूमि परिवार पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के परिवारों का एकीकृत डिजिटल डेटाबेस तैयार किया जाएगा। पंजीकरण के बाद प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट देवभूमि परिवार आईडी मिलेगी। इससे सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की पहचान आसान होगी और नागरिकों को बार-बार दस्तावेज जमा करने तथा अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। पोर्टल विभागों के बीच समन्वय, योजनाओं की निगरानी और सरकारी संसाधनों के बेहतर नियोजन में भी मददगार होगा।
2047 तक 28 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य
विकसित उत्तराखंड विजन-2047 में लगभग 440 संकेतकों के आधार पर प्रदेश के विकास के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत वर्ष 2047 तक उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को लगभग 28 लाख करोड़ रुपये और प्रतिव्यक्ति आय को 20 लाख रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही बेरोजगारी दर को 3.5 प्रतिशत और बहुआयामी गरीबी को 0.61 प्रतिशत तक लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
ऊर्जा क्षमता और वन क्षेत्र बढ़ाने पर जोर
विजन दस्तावेज में कृषि, पर्यटन, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कौशल विकास, कनेक्टिविटी और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी गई है। वर्ष 2047 तक राज्य की स्थापित ऊर्जा क्षमता लगभग 22 हजार मेगावाट और वन आच्छादन 46.6 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। वर्ष 2030, 2035, 2040, 2047 और 2050 के लिए अलग-अलग विकास लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित उत्तराखंड विजन-2047 केवल लक्ष्यों का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश के समग्र विकास की दिशा तय करने वाली कार्ययोजना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में उत्तराखंड महत्वपूर्ण योगदान देगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की अर्थव्यवस्था डेढ़ गुना से अधिक बढ़ी है। पिछले एक वर्ष में जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि, प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी और रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का विकास मॉडल ‘प्रकृति के साथ प्रगति’ पर आधारित होना चाहिए। विकास योजनाओं में पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा की जानी चाहिए।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एवं खजान दास, विधायक सविता कपूर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।











