
पुलिस लाइन देहरादून में DGP उत्तराखंड ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ, सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान को किया याद; उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को किया सम्मानित।
देहरादून: लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को पुलिस लाइन देहरादून में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान एकता दिवस परेड के माध्यम से राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड ने प्रतिभाग किया।
समारोह के दौरान पुलिस महानिदेशक ने सरदार वल्लभ भाई पटेल के राष्ट्र निर्माण और देश की एकता के लिए दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर DGP ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने राष्ट्रीय एकता के संकल्प को अपने कर्तव्यों और कार्यशैली में आत्मसात करने का संदेश भी दिया।






48 पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान रहा। पुलिस महानिदेशक ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र हेतु नामित 48 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस डिस्क और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह में अपर पुलिस महानिदेशक (L/O), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक अभिसूचना/सुरक्षा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











