
90 फीसदी से अधिक फायर हाइड्रेंट चालू, आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए विभाग अलर्ट
देहरादून: दीपावली पर्व पर आगजनी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए देहरादून में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग ने जल संस्थान के साथ मिलकर व्यापक तैयारियां की हैं। जनपद में 41 स्थानों पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि शहर के 23 संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर फायर टैंकर तैनात रहेंगे।




मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी ने बताया कि आग लगने की किसी भी सूचना पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। जनपद में स्थापित फायर हाइड्रेंट की नियमित जांच की जा रही है। वर्तमान में 90 प्रतिशत से अधिक फायर हाइड्रेंट क्रियाशील हैं और शेष को भी दुरुस्त कराने की कार्रवाई जारी है।
उन्होंने बताया कि दीपावली के दौरान बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए प्रत्येक तहसील के अंतर्गत आने वाले फायर स्टेशनों की टीमें दिन में तीन बार अग्निशमन वाहनों से गश्त करेंगी। इसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में बिना देरी के कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
बिजली के लोड और सुरक्षा मानकों पर विशेष जोर
अग्निशमन विभाग की ओर से व्यापारियों और आमजन को भी जागरूक किया जा रहा है। व्यापारियों से अपील की गई है कि दुकानों में विद्युत उपकरणों का सुरक्षित इस्तेमाल करें और निर्धारित क्षमता से अधिक बिजली का लोड न लें। विद्युत कनेक्शन एवं उपकरणों की नियमित जांच के साथ प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन भी सुनिश्चित करें।
फायर ब्रिगेड के रास्ते में न करें पार्किंग
विभाग ने बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह छोड़ने की अपील की है। विभाग के अनुसार जनसहयोग, सतर्कता और समय रहते बरती गई सावधानी से आगजनी की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
दीपावली के दौरान सुरक्षित अग्निशमन सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए विभागीय टीमें लगातार मुस्तैद रहेंगी।











