
गड्ढे-क्षतिग्रस्त हिस्से होंगे चिन्हित—संबंधित विभागों को मरम्मत के सख़्त निर्देश..
देहरादून:मानसून की बारिश के बाद जनपद देहरादून की सड़कों पर जगह-जगह बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों से जनता को हो रही परेशानी को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। सड़कों की मरम्मत को लेकर दिए गए निर्देशों के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर अब प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए देहरादून के 48 प्रमुख एवं आंतरिक मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कराने का निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मार्गवार जिम्मेदारी सौंपी गई है। नामित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में मौके पर पहुंचकर सड़कों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेंगे और गड्ढों, क्षतिग्रस्त हिस्सों तथा आवश्यक मरम्मत कार्यों को चिन्हित करेंगे।
निरीक्षण के दायरे में देहरादून-मसूरी मार्ग, राजपुर रोड, हरिद्वार बाईपास, कांवली रोड, मातावाला से कारगी चौक, निरंजनपुर से रिमला बाईपास, बल्लीवाला चौक से ISBT, पटेलनगर, नेहरू रोड, धर्मपुर, रायपुर, सहस्रधारा रोड, जाखन, चकराता रोड, क्लेमेंटटाउन और प्रेमनगर समेत शहर के कई प्रमुख एवं आंतरिक मार्ग शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाले प्रत्येक गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से की सूची तैयार कर फोटो सहित रिपोर्ट तैयार की जाए। संबंधित सड़क विभाग एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक मरम्मत और गड्ढामुक्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
नामित अधिकारियों को अपने-अपने आवंटित मार्गों का निरीक्षण कर संपूर्ण सूचना/आख्या दो दिवस के भीतर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), देहरादून को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का यह कदम मानसून के बाद सड़कों की जमीनी स्थिति का व्यापक आकलन करने और क्षतिग्रस्त मार्गों की त्वरित मरम्मत सुनिश्चित कराने की दिशा में अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि निरीक्षण के बाद चिन्हित किए गए गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों पर संबंधित विभाग कितनी तेजी से कार्रवाई करते हैं।









