
नंदा राजजात की भव्य प्रस्तुति ने मोहा मन, सीएम धामी बोले- प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश की पहचान, गौरव और विकास के मजबूत साझेदार..
नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ें प्रवासी, निवेश और अनुभव से विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को दें नई गति
देहरादून: तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के समापन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में रात्रिभोज आयोजित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री आवास देवभूमि की लोकसंस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत के रंगों से सराबोर नजर आया।
मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि वे केवल प्रदेश से बाहर रहने वाले लोग नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की संस्कृति, परंपराओं और पहचान के सशक्त संवाहक हैं। उनकी प्रतिभा, अनुभव, विशेषज्ञता और निवेश प्रदेश के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रवासियों से अपनी अगली पीढ़ी को उत्तराखण्ड की भाषा, बोली, लोकगीतों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकसित उत्तराखण्ड के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रवासी समाज की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।उन्होंने अपने पैतृक गांवों से जुड़े रहने और गांवों को गोद लेकर विकास कार्यों में सहयोग करने वाले प्रवासियों की पहल की सराहना की। कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने और रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करने में मददगार होंगे।
नंदा राजजात की प्रस्तुति ने बांधा समां
रात्रिभोज के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्तराखण्ड के पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां हुईं। मां नंदा देवी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर आधारित नंदा राजजात की भव्य प्रस्तुति ने प्रवासी उत्तराखण्डियों को भावविभोर कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा राजजात जैसी परंपराएं हमारी आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव की प्रतीक हैं। इनका संरक्षण और नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश के साथ अपना आत्मीय जुड़ाव बनाए रखते हुए विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।
इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, डीजीपी दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

















