
मुख्यमंत्री धामी बोले– गौसेवा आस्था और संस्कृति के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का भी माध्यम, प्राकृतिक खेती और स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा गोवंश संरक्षण..
हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरिद्वार के सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने गौसंरक्षण और मानव सेवा के क्षेत्र में श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गौसेवा भारतीय आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। इसके साथ ही यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।







मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसंरक्षण को केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और ग्रामीण आजीविका से जोड़ने की आवश्यकता है। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण परिवारों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।उन्होंने बताया कि श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की शुरुआत वर्ष 2010 में महज 11 गोवंश के संरक्षण से हुई थी। आज संस्था पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा कर रही है। संस्था द्वारा पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एम्बुलेंस के जरिए अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाया गया है।
प्रदेश में 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को संरक्षण
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में वर्तमान में 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्राम स्तर पर गौसेवा को प्रोत्साहित करने के लिए ग्राम्य गोसेवक योजना भी पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई है। इसके अलावा प्रदेश में 63 स्थानों पर नई गौशालाओं के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गौशालाओं के आधुनिकीकरण, निराश्रित गोवंश की देखभाल और देसी नस्लों के संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बद्री गाय के शुद्ध घी और अन्य दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। अकेले चमोली जिले में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित हो रहे हैं, जिससे स्थानीय पशुपालकों और ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
गौसंरक्षण से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि में मशीनों का उपयोग बढ़ने से गोवंश, विशेषकर नंदियों की पारंपरिक उपयोगिता में बदलाव आया है। ऐसे में निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए स्थायी और व्यावहारिक समाधान तलाशना जरूरी है। गोवंश को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद और बायोगैस उत्पादन से जोड़कर गौसंरक्षण को आर्थिक गतिविधियों का हिस्सा बनाया जा सकता है।उन्होंने स्पष्ट किया कि गौसेवा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। गोवंश के प्रति क्रूरता और गौहत्या जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
2027 कुंभ की तैयारियों को लेकर भी बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार देश की आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सरकार व्यापक तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क, यातायात, नए पुलों, संपर्क मार्गों और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ के मद्देनजर सुरक्षा, स्वास्थ्य, आपातकालीन सेवाओं और आधुनिक तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन को भी मजबूत बनाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु देवभूमि से स्वच्छता, सुव्यवस्था और आध्यात्मिक विरासत का सुखद अनुभव लेकर लौटें।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक एवं प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल एवं प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी आत्मानंद महाराज सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे..











