
मां की मौत के बाद शुरू हुआ था संपत्ति विवाद
देहरादून: राजधानी के रायपुर थाना क्षेत्र के तरला अधोईवाला में संपत्ति विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मकान में दीवार बनाने और संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक मामा ने अपने भांजे पर परिजनों के साथ मिलकर चाकू और खुखरी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल 26 वर्षीय गौरव की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मामा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर 2026 को रायपुर थाना पुलिस को 112 के माध्यम से तरला अधोईवाला में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो संपत्ति विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच संघर्ष की जानकारी सामने आई। इस दौरान गौरव और उसके साथ मौजूद लोगों पर धारदार हथियारों से हमला किया गया।
घायलों को पुलिस ने उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां गौरव पुत्र स्वर्गीय चमनलाल बागड़ी, निवासी मोहनी रोड, डालनवाला की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना में रोहित उर्फ भोली और कमला देवी भी घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
मां की मौत के बाद शुरू हुआ था संपत्ति विवाद
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी नितिन कुमार ने बताया कि उसकी मां की मृत्यु के बाद अधोईवाला स्थित घर का एक कमरा उसकी बहन गुड्डी को दिया गया था। इसी बात को लेकर उसका अपनी बहन और भांजे गौरव से विवाद चल रहा था। 9 नवंबर को दीवार बनाने को लेकर फिर विवाद हुआ, जिसके बाद आवेश में आकर उसने अपने बेटे रोहित और अन्य परिजनों के साथ मिलकर चाकू और खुखरी से हमला कर दिया।
मामा, बेटा और पत्नी गिरफ्तार
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों नितिन कुमार (44), रोहित कुमार (21) और कविता (40) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया एक चाकू और एक खुखरी भी बरामद की है।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 109(1) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
संपत्ति के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद एक युवक की जान ले गया। रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस वारदात में मामा, उसका बेटा और पत्नी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं।











