
देहरादून:राजधानी देहरादून में दिवाली के जश्न के बीच एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिवाली मनाने दोस्त के घर गए युवक का शव अगले दिन मोर्चरी में मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के शरीर पर चोट और चाकू से वार के निशान मिलने का आरोप है। मृतक के पिता ने बेटे के दोस्त और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अर्श अन्सारी के रूप में हुई है। अर्श को 8 नवंबर को उसके दोस्त श्रेयस ममगाईं निवासी नेहरू कॉलोनी ने दिवाली मनाने के लिए अपने घर बुलाया था। रात में जब अर्श के परिजनों ने फोन किया तो उन्हें बताया गया कि अर्श सुबह घर आ जाएगा।
लेकिन अगली सुबह परिवार को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब श्रेयस की मां का फोन आया और उन्होंने बताया कि अर्श का शव मोर्चरी में पड़ा है। परिजन मोर्चरी पहुंचे तो उन्होंने अर्श के शरीर पर चोटों और चाकू के वार के निशान देखे।
इसके बाद मृतक के पिता नदीम अन्सारी निवासी केवल विहार, सहस्त्रधारा रोड ने कोतवाली डालनवाला में तहरीर देकर श्रेयस और उसके दोस्तों पर बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया।
हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए डालनवाला पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 189/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अभियोग पंजीकृत किया है।
फिलहाल पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इस घटना के पीछे क्या वजह रही, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
दिवाली की रात दोस्त के घर पहुंचे युवक की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस जांच पर सभी की निगाहें टिकी हैं। फिलहाल हत्या का आरोप मृतक के पिता की तहरीर पर लगाया गया है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी…











