राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने जारी की विकास पुस्तिका,‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान’ में दर्ज हुई उत्तराखण्ड की विकास यात्रा..

विकास पुस्तिका को बताया सरकार की उपलब्धियों और जनता के प्रति जवाबदेही का दस्तावेज, विकसित एवं आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के निर्माण का संकल्प दोहराया

देहरादून: उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज, गढ़ी कैंट में आयोजित समारोह में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका-2026 ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान’ का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तिका प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों का दस्तावेज होने के साथ जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही भी प्रस्तुत करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड का निर्माण राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकसित एवं आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ केवल योजनाओं और आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। गांवों तक सड़क, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, आधुनिक शिक्षा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

यह भी पढ़ें 👉  09 कर्मचारियों के प्रोविडेंट फंड (PF) को हड़पने का मामला, 2021 से फरार चल रहे ईनामी अभियुक्त को दून पुलिस ने दिल्ली से धर-दबोचा.

एक्सप्रेसवे से रेल परियोजनाओं तक बदल रही कनेक्टिविटी

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई दिशा दे रही हैं। हवाई एवं हेली सेवाओं के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच आसान हो रही है, जिससे पर्यटन, व्यापार और रोजगार की संभावनाएं बढ़ रही हैं।

स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन पर विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लक्ष्य के साथ काम किया जा रहा है। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार तथा किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर जैसी परियोजनाओं से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। वहीं, विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक संसाधनों का विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने जी-20 बैठकों और 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन का उल्लेख करते हुए कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन, शीतकालीन यात्रा और नए पर्यटन स्थलों के विकास से पर्यटन को सालभर रोजगार एवं आजीविका से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  खतरनाक: आग का विकराल रूप, .एक दुकान भी स्वाहा ,देर रात लगी आग, हल्द्वानी की घटना. वीडियो...

3.82 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था, रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत वृद्धि

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2025-26 के अनुमानों के अनुसार प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार लगभग 3.82 लाख करोड़ रुपये है, जबकि वर्ष 2026-27 का बजट 1.11 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से निवेश को प्रोत्साहन मिला है और निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने का कार्य जारी है।उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही बताया कि प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सरकार का लक्ष्य गांवों में सुविधाएं और रोजगार के अवसर विकसित कर युवाओं को अपने ही क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।

विकास के साथ संस्कृति और नागरिक अधिकारों की सुरक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान, प्राकृतिक संपदा और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है। समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, भू-कानून और अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई को इसी दिशा में उठाए गए कदम बताया।

यह भी पढ़ें 👉  मसूरी में फ़िर ब्रेक फेल होने से पर्यटकों की बस इस बार सीधे कार से जा टकराई.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की उपलब्धियां संतोष के साथ भविष्य में और अधिक काम करने की प्रेरणा भी देती हैं। प्रत्येक गांव तक सुविधाएं पहुंचाने, रोजगार बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने ‘अभी बहुत आगे हमें जाना है’ कविता की पंक्तियों के माध्यम से राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित उत्तराखण्ड बनाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राज्य स्थापना दिवस पर भेजा गया शुभकामना संदेश पढ़कर सुनाया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, खजान दास, विधायक विनोद चमोली, सविता कपूर, महापौर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

परमजीत सिंह लाम्बा

संपादक - ख़बर सनसनी PH-7454913200,7906640014

सम्बंधित खबरें