
दिवाली की रात विवाद, फिर भगदड़ और मौत! कार के पीछे करते ही टायर की चपेट में आया अर्श!..
डालनवाला पुलिस ने गैर इरादतन नहीं बल्कि हत्या की धारा 103(1) BNS में दर्ज किया मुकदमा; पूरे घटनाक्रम की जांच जारी..
देहरादून:दीपावली की रात दोस्तों के साथ निकले 23 वर्षीय अर्श अंसारी की मौत के मामले में अब घटनाक्रम की तस्वीर सामने आने लगी है। धर्मपुर चौक स्थित अग्रवाल बेकरी के पास कार सवार युवकों और स्कूटी सवार युवकों के बीच हुए विवाद के दौरान अचानक मची भगदड़ और कार के पीछे हटने से एक युवक उसकी चपेट में आ गया। कार के पिछले टायर के नीचे आने से अर्श गंभीर रूप से घायल हो गया, बाद में उसकी मौत हो गई।
घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में कार के आसपास युवकों की गतिविधियां और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल दिखाई देता है। उपलब्ध वीडियो के आधार पर बताया जा रहा है कि अर्श अपने साथियों के साथ कार में सवार था और घटना से पहले कार से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान हुए घटनाक्रम में वह कार के पिछले हिस्से की चपेट में आ गया।
इस दुःखत घटना को लेकर मृतक के पिता नदीम अंसारी निवासी ई-43, केवल विहार, सहस्त्रधारा रोड, देहरादून ने 9 नवंबर 2026 को कोतवाली डालनवाला में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 8 नवंबर को अर्श का दोस्त श्रेयस ममगाईं निवासी नेहरू कॉलोनी उसे दीपावली मनाने के लिए अपने घर बुलाकर ले गया था। रात में फोन पर संपर्क करने पर बताया गया कि अर्श सुबह घर आ जाएगा। लेकिन अगली सुबह श्रेयस की मां का फोन आया कि उनका बेटा मोर्चरी में मृत पड़ा है।परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना डालनवाला में मुकदमा अपराध संख्या 189/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
जांच में सामने आया विवाद का घटनाक्रम
पुलिस की अब तक की विवेचना में सामने आया है कि दीपावली की देर रात युवक अपने अन्य साथियों के साथ मौजूद थे। इसी दौरान रेसकोर्स स्थित सूरी चौक पर स्कूटी सवार युवकों के साथ उनका विवाद हुआ। इसके बाद धर्मपुर चौक के निकट अग्रवाल बेकरी के पास दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद हो गया।इसी दौरान कार चालक द्वारा अचानक तेजी और लापरवाही से कार पीछे की गई, जिसकी चपेट में अर्श आ गया। कार के पिछले टायर के नीचे आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
अब कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
- विवाद की शुरुआत रेसकोर्स के सूरी चौक पर कैसे हुई?
- धर्मपुर चौक पर दोबारा विवाद किन परिस्थितियों में हुआ?
- कार पीछे करने के दौरान चालक की भूमिका क्या थी?
- घटना के समय कार में और उसके आसपास कौन-कौन मौजूद था?
ऐसे में CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिलने वाली जानकारी इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में अहम साबित हो सकती है।
CCTV में कैद हुआ मौत से पहले का घटनाक्रम
डालनवाला पुलिस की ओर से उपलब्ध कराए गए आधिकारिक CCTV फुटेज में घटना से पहले का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। फुटेज में अर्श अपने साथियों के साथ कार में सवार नजर आता है और फिर कार से नीचे उतरता दिखाई देता है। इसके बाद मौके पर विवाद और अफरा-तफरी की स्थिति बनती है। इसी दौरान कार पीछे किए जाने पर अर्श कार के पिछले टायर की चपेट में आ जाता है। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौत हो जाती है।











