
देहरादून: गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में गौ- माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने गौ-माता को तिलक लगाया और पुष्पमाला पहनाकर पूजा की..

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी आस्था एवं कृतज्ञता का प्रतीक है.भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष स्थान है और गौ संरक्षण एवं संवर्धन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न अंग रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने तथा सभी जीवों के प्रति करुणा और संवेदनशीलता रखने का संदेश देती है.गौ- सेवा एवं संरक्षण के साथ पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है..













