
ठगी की रकम को तत्काल होल्ड और फ्रीज कराने में आएगी तेजी, बैंकिंग और पुलिस के बीच बनेगा सीधा समन्वय; जल्द अन्य प्रमुख बैंकों के अधिकारी भी जुड़ेंगे।
देहरादून: उत्तराखण्ड में बढ़ते साइबर वित्तीय अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और ठगी के शिकार लोगों की मेहनत की कमाई बचाने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 कंट्रोल रूम में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के नोडल अधिकारी की तैनाती की गई है।
एसटीएफ के अधीन संचालित उत्तराखण्ड स्टेट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (US4C) के अंतर्गत स्थापित फ्रॉड मिटिगेशन सेंटर (CFMC) के माध्यम से यह व्यवस्था शुरू की गई है। इसका उद्देश्य पुलिस और बैंकिंग संस्थानों के बीच सीधा समन्वय स्थापित कर साइबर ठगी की रकम को दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर होने से पहले ही होल्ड अथवा फ्रीज कराने की प्रक्रिया तेज करना है।
दरअसल, साइबर ठगी के मामलों में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ठगी के बाद अपराधी रकम को तत्काल कई बैंक खातों में स्थानांतरित कर उसकी लेयरिंग शुरू कर देते हैं। ऐसे में तकनीकी जानकारी और बैंकिंग लेन-देन से जुड़े वित्तीय विवरण समय पर उपलब्ध नहीं हो पाते तो पीड़ित की रकम वापस मिलने की संभावना प्रभावित होती है।
इसी चुनौती से निपटने के लिए एसटीएफ ने 1930 कंट्रोल रूम में बैंक के नोडल अधिकारी की तैनाती की है। इससे संदिग्ध बैंक खातों की पहचान, धनराशि के लेन-देन का विश्लेषण और आवश्यक बैंकिंग विवरण प्राप्त करने में तेजी आएगी। साथ ही पुलिस और बैंक के बीच पत्राचार तथा कार्रवाई में लगने वाला समय भी कम होगा।
जल्द एक छत के नीचे आएंगे प्रमुख बैंकों के अधिकारी
एसटीएफ की योजना इस व्यवस्था को और व्यापक बनाने की है। निकट भविष्य में अन्य प्रमुख बैंकों के नोडल अधिकारियों को भी US4C भवन में एक ही स्थान पर तैनात किया जाना प्रस्तावित है। इससे सभी प्रमुख बैंकों और पुलिस के बीच प्रत्यक्ष समन्वय स्थापित कर साइबर अपराधों के विरुद्ध एकीकृत कार्रवाई की जा सकेगी।
एसएसपी एसटीएफ के अनुसार, वर्तमान दौर में साइबर अपराध लगातार जटिल और तकनीकी होते जा रहे हैं। ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तकनीकी विशेषज्ञता के साथ बैंकिंग और वित्तीय विशेषज्ञता का एक मंच पर होना जरूरी है। इसी दिशा में यह पहल की गई है।
एसटीएफ की आमजन से अपील
एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने आमजन से अपील की है कि साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर बिल्कुल देरी न करें। तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत करें, ताकि ठगी की रकम को समय रहते सुरक्षित कराने के लिए कार्रवाई की जा सके।











