
भोपाल पहुंचकर केंद्रीय कृषि मंत्री के परिजनों से की मुलाकात, शोक संतप्त परिवार को बंधाया ढांढस
भोपाल (मध्य प्रदेश)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को भोपाल में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास पर पहुंचकर उनकी माताजी स्वर्गीय श्रीमती काशी बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिवराज सिंह चौहान एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि माता का स्नेह, आशीर्वाद और उनके दिए संस्कार जीवन की अमूल्य धरोहर होते हैं। माताजी का निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री धामी ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।















