
दून पुलिस ने फरार आरोपियों को रुद्रप्रयाग से दबोचा, लूट की रकम बरामद!.. पटेल नगर क्षेत्र में 14 लाख़ रुपए लूटे गए थे..
देहरादून:पटेलनगर क्षेत्र में प्लॉट के सौदे के लिए ले जाए जा रहे 14 लाख रुपये की लूट के मामले में दून पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना में शामिल फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों को गुप्तकाशी, रुद्रप्रयाग से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 82 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर 2026 को राजेश कुमार सोनी अपने साथियों दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर के साथ प्लॉट के सौदे के सिलसिले में 14 लाख रुपये लेकर जा रहे थे। इसी दौरान इंद्रेश अस्पताल के पास कुछ युवकों ने उनके साथ मारपीट कर रुपयों से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। मामले में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 नवंबर को तीन आरोपियों सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से लूट के 1.50 लाख रुपये बरामद हुए थे। इसके बाद 10 नवंबर को कर्ण यादव और सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी और सर्विलांस की मदद से गुप्तकाशी में दबिश देकर दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिद्धांत बडोनी (24 वर्ष), निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला, देहरादून और दीपक सिंह शेखावत (25 वर्ष), निवासी एमडीडीए कॉलोनी, लक्ष्मण चौक, देहरादून के रूप में हुई है।पुलिस ने सिद्धांत बडोनी से 40 हजार रुपये और दीपक सिंह शेखावत से 42 हजार रुपये बरामद किए हैं।
अब तक 3.02 लाख रुपये बरामद
पुलिस के अनुसार, इस लूट की वारदात में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और उनके कब्जे से कुल 3 लाख 2 हजार रुपये बरामद हुए हैं। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और पहलुओं की गहनता से जांच जारी है।











