
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26,क्लीन हिमालयन सिटी, प्रथम स्थान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विज्ञान भवन में महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त को सौंपा राष्ट्रीय सम्मान, स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में हासिल की पहली रैंक।
रुद्रपुर/दिल्ली :उत्तराखंड के रुद्रपुर नगर निगम ने स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में रुद्रपुर ने हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रुद्रपुर नगर निगम को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया। महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे ने राष्ट्रपति के हाथों यह सम्मान प्राप्त किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

467वीं से 169वीं रैंक तक का सफर, अब हिमालयी राज्यों में पहला स्थान
रुद्रपुर की इस उपलब्धि की खास बात यह है कि नगर निगम ने पिछले सर्वेक्षण में राष्ट्रीय स्तर पर 467वीं रैंक से छलांग लगाकर 169वीं रैंक हासिल की थी। अब क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त कर शहर ने अपनी स्वच्छता व्यवस्था में हुए बदलाव को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
इन प्रयासों से मिली कामयाबी
स्वच्छ सर्वेक्षण में शहर की सफाई के साथ-साथ डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण, वैज्ञानिक तरीके से कचरे का निस्तारण, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, नागरिक सहभागिता और सफाई मित्रों की सुरक्षा एवं कल्याण जैसे मानकों का मूल्यांकन किया जाता है। रुद्रपुर नगर निगम ने इन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए किए गए प्रयासों के आधार पर यह उपलब्धि हासिल की है।
महापौर बोले- पूरे शहर के सामूहिक प्रयासों का परिणाम
पुरस्कार मिलने पर महापौर विकास शर्मा ने इसे पूरे रुद्रपुर और उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में रुद्रपुर के सर्वांगीण विकास और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास लगातार जारी हैं। राष्ट्रीय सम्मान मिलने से नगर निगम की जिम्मेदारी और बढ़ गई है।उन्होंने संकल्प जताया कि शहर के प्रत्येक वार्ड, मोहल्ले, बाजार और सार्वजनिक स्थल को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए अभियान को और गति दी जाएगी।
पुरस्कार नहीं, स्वच्छ रुद्रपुर बनाने का है लक्ष्य
महापौर ने कहा कि रुद्रपुर को मिली यह राष्ट्रीय पहचान नई शुरुआत है। लक्ष्य केवल पुरस्कार हासिल करना नहीं, बल्कि स्वच्छता की व्यवस्था को स्थायी बनाना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। राष्ट्रपति के हाथों मिला यह सम्मान सफाई मित्रों के परिश्रम और शहरवासियों की सहभागिता का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है।












