
IISER, AIIA और राष्ट्रीय राजमार्ग की मांग पर केंद्र का आश्वासन, अभी अंतिम मंजूरी बाकी। तीनों प्रस्तावों पर निर्धारित नीति और प्रक्रिया के तहत होगा विचार..
देहरादून/दिल्ली : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान, आयुर्वेद चिकित्सा और पर्वतीय सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए केंद्र के समक्ष तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे थे। इनमें राज्य में IISER की स्थापना, किच्छा के खुरपिया फार्म में AIIA की स्थापना और उत्तरकाशी-घनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग शामिल है।
केंद्र के संबंधित मंत्रियों ने इन प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए भविष्य में निर्धारित नीति एवं मानकों के अनुसार विचार करने की बात कही है। हालांकि, अभी किसी भी प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति नहीं मिली है।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की है कि इन प्रस्तावों के आगे बढ़ने से उत्तराखंड में शिक्षा, चिकित्सा और सड़क सुविधाओं के विस्तार को नई दिशा मिलेगी।
बहराल धामी सरकार की पहल को सकारात्मक संकेत जरूर माना जा सकता है, लेकिन असली उपलब्धि तब होगी जब इन तीनों प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए केंद्र से अंतिम मंजूरी और बजट का रास्ता साफ होगा..












