बड़ी खबर:देवभूमि की पुलिस का देश में डंका! अमित शाह ने उत्तराखण्ड पुलिस को दिया राष्ट्रपति पुलिस निशान,16वें राज्य के रूप में दर्ज हुआ नाम..

25 साल की तपस्या को राष्ट्रीय सलाम!.. 206 शहीद जवानों के बलिदान को भी किया नमन..

अमित शाह ने किया उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित सम्मान से अलंकृत,25 वर्षों की सेवा, अनुशासन और अदम्य साहस को मिली राष्ट्रीय पहचान..

देहरादून: उत्तराखण्ड पुलिस के गौरवशाली इतिहास में शुक्रवार को एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रिजर्व पुलिस लाइन, देहरादून में आयोजित भव्य समारोह में उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस निशान से अलंकृत किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह में पुलिस परेड का निरीक्षण किया गया और राज्य पुलिस बल की 25 वर्षों की सेवा, समर्पण, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।

इस उपलब्धि के साथ उत्तराखण्ड देश का 16वां राज्य बन गया है, जिसे राष्ट्रपति पुलिस निशान प्राप्त हुआ है। यह सम्मान केवल पुलिस बल की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे देवभूमि उत्तराखण्ड के लिए गौरव और सम्मान का विषय है।

अमित शाह बोले- उत्तराखण्ड पुलिस ने सेवा और समर्पण से बनाई विशिष्ट पहचान

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखण्ड पुलिस को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति पुलिस निशान मिलना प्रदेश के प्रत्येक पुलिस अधिकारी और जवान के लिए गौरव का क्षण है। उत्तराखण्ड पुलिस ने अपनी सेवा भावना, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से विशिष्ट पहचान बनाई है।उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में चारधाम यात्रा, कुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजनों और पर्यटन गतिविधियों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना बड़ी जिम्मेदारी है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद उत्तराखण्ड पुलिस पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता से अपने दायित्व निभा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  राज्यपाल गुरमीत सिंह को CM धामी ने दी विदाई, उत्तराखंड के विकास और जनसेवा में योगदान को सराहा...

तीन नए आपराधिक कानूनों से न्याय व्यवस्था होगी मजबूत

अमित शाह ने कहा कि तीन नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्तराखण्ड पुलिस ने उल्लेखनीय प्रयास किए हैं। आधुनिक तकनीक, फॉरेंसिक विज्ञान और डिजिटल प्रणाली के इस्तेमाल से अपराधों की जांच और न्यायिक प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि मई 2027 के बाद दर्ज होने वाली एफआईआर के मामलों में तीन वर्ष के भीतर दोषियों को सजा दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पुलिस, न्यायालय, अभियोजन और अन्य संबंधित व्यवस्थाओं को डिजिटल माध्यम से जोड़ने का काम किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को समयबद्ध न्याय मिल सके।

206 वीर जवानों के बलिदान को किया नमन

केंद्रीय गृह मंत्री ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले उत्तराखण्ड पुलिस के 206 वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि लगभग 13 हजार जवानों से शुरू हुई उत्तराखण्ड पुलिस की यात्रा आज 26 हजार से अधिक जवानों तक पहुंच चुकी है।उन्होंने नशे के खिलाफ कार्रवाई, साइबर अपराधों की रोकथाम, आपदा प्रबंधन और सीमांत क्षेत्रों की सुरक्षा में पुलिस के योगदान की सराहना की। साथ ही विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों में उत्तराखण्ड पुलिस के खिलाड़ियों द्वारा 37 पदक जीतने पर भी बधाई दी।

मुख्यमंत्री धामी बोले- पुलिस के साहस और कर्तव्यनिष्ठा को मिली राष्ट्रीय मान्यता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रपति पुलिस निशान प्राप्त होने पर प्रदेश के सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उत्तराखण्ड पुलिस के गौरवशाली इतिहास का नया अध्याय है। यह राज्य पुलिस के साहस, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा को मिली राष्ट्रीय मान्यता है।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री धामी और नेगी दा की जुगलबंदी, मंच से गाया"बेड़ू पाको बारामासा". तालियों से गूंज उठा ऑडिटोरियम...देखें वीडियो

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के समय उत्तराखण्ड पुलिस में लगभग 13 हजार जवान, 96 थाने और 42 चौकियां थीं। आज 26 हजार से अधिक पुलिसकर्मी प्रदेश की सुरक्षा और सेवा में जुटे हैं। उन्होंने देश की पहली महिला पुलिस महानिदेशक स्वर्गीय कंचन चौधरी भट्टाचार्य के उत्तराखण्ड पुलिस का नेतृत्व करने को भी प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। वर्तमान में पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी लगभग 14 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।

307 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त, 7 हजार से अधिक आरोपी गिरफ्तार

मुख्यमंत्री ने ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि पिछले चार वर्षों में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 7 हजार से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 307 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए हैं।उन्होंने ऑपरेशन स्माइल और ऑपरेशन मुक्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि गुमशुदा बच्चों को उनके परिवारों से मिलाने तथा भिक्षावृत्ति में लगे बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास लगातार जारी हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि साइबर अपराधों की प्रभावी रोकथाम के लिए स्टेट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर की स्थापना की दिशा में कार्य किया जा रहा है। नरेंद्रनगर स्थित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  SSP ऊधम सिंह नगर डॉ मंजुनाथ टीसी के निर्देश में UDN पुलिस का सख्त एक्शन.. काशीपुर में छात्रा पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी के घर पर चला बुलडोजर..अवैध मकान ध्वस्त.. अभियुक्त को भेजा ज़ेल..

पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी किया सम्मानित

समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक नारायण सिंह नपलच्याल एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव को सम्मानित किया।

वहीं सराहनीय सेवा के लिए पुलिस अधीक्षक जगदीश चन्द्र, सहायक सेनानायक प्रतिमा भट्ट और सेवानिवृत्त उप निरीक्षक अभिसूचना सौहकार पुण्डीर को पदक प्रदान किए गए।इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पुलिस के विशेष डाक आवरण एवं पुलिस पत्रिका का विमोचन भी किया।

सुरक्षा, तकनीक और जनसेवा के नए संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी पुलिस

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति पुलिस निशान केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा और सेवा के प्रति जिम्मेदारियों को और अधिक मजबूती से निभाने की प्रेरणा है। राज्य सरकार पुलिस बल के आधुनिकीकरण, बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक संसाधनों के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।

इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, तीरथ सिंह रावत एवं डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित शासन-प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

उत्तराखण्ड पुलिस के लिए यह सम्मान महज एक अलंकरण नहीं, बल्कि 25 वर्षों की कठिन सेवा, बलिदान, अनुशासन और देवभूमि की सुरक्षा के लिए समर्पित हजारों जवानों के योगदान का राष्ट्रीय सम्मान है।

परमजीत सिंह लाम्बा

संपादक - ख़बर सनसनी PH-7454913200,7906640014

सम्बंधित खबरें