
शिक्षा, युवा प्रोत्साहन, महिला सशक्तीकरण और पूर्व सैनिकों के कल्याण में राज्यपाल की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण; राज्यपाल बोले—देवभूमि के लोगों का स्नेह और विश्वास जीवन की अनमोल उपलब्धि।
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित विदाई समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) के कार्यकाल और उत्तराखंड के विकास में उनके योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री ने उन्हें सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्यपाल के मार्गदर्शन में शिक्षा, उच्च शिक्षा, युवा प्रोत्साहन, महिला सशक्तीकरण और पूर्व सैनिकों के कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को विशेष प्रोत्साहन मिला।







मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल ने अपने अनुभव, अनुशासन और दूरदर्शी सोच से प्रदेश के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने युवाओं को नवाचार, उद्यमिता और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया। साथ ही, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, महिलाओं की आत्मनिर्भरता और समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया।
सीएम धामी ने उत्तराखंड की सैन्य परंपराओं और वीर सैनिकों के प्रति राज्यपाल के सम्मान का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति उनकी संवेदनशीलता सराहनीय रही। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के सौम्य व्यक्तित्व, सरल व्यवहार और प्रदेश के प्रति आत्मीय लगाव को भी याद किया।
वहीं, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने मुख्यमंत्री, प्रदेश सरकार, प्रशासन और उत्तराखंड की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि में राज्यपाल के रूप में कार्य करना उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात रही। प्रदेशवासियों से मिला स्नेह, विश्वास और अपनत्व उनके कार्यकाल की सबसे अनमोल उपलब्धियों में शामिल है।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना, वीर सैनिकों की गौरवशाली परंपरा और युवाओं की ऊर्जा उन्हें सदैव प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, युवा विकास और जनकल्याण के क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ेगा।
विदाई समारोह के साथ लोक भवन में भी विभिन्न क्षेत्रों के लोगों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने राज्यपाल से भेंट कर उन्हें भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।











