बड़ी खबर: उत्तराखंड में नर्सिंग की 11,495 सीटें, 3 नए सरकारी कॉलेज खुले; युवाओं के लिए देश-विदेश में रोजगार के अवसर:CM धामी..

मुख्यमंत्री धामी के अनुसार, उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना..

देहरादून: उत्तराखंड में नर्सिंग शिक्षा के विस्तार के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलने का दावा किया गया है। धामी सरकार के कार्यकाल में जुलाई 2021 के बाद प्रदेश में 3 राजकीय नर्सिंग कॉलेज स्थापित किए गए हैं, जिनसे नर्सिंग पाठ्यक्रमों में 321 अतिरिक्त सीटें बढ़ी हैं। सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, सरकारी और निजी नर्सिंग संस्थानों में कुल सीटों की संख्या अब 11,495 तक पहुंच गई है।

सरकारी कॉलेजों में 879 सीटें

राज्य में राजकीय नर्सिंग कॉलेजों के विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीटों की संख्या बढ़कर 879 हो गई है। नए संस्थानों के माध्यम से बीएससी नर्सिंग की 151, एमएससी नर्सिंग की 120, एनपीसीसी की 20 और एनपीएम की 30 सीटें बढ़ाई गई हैं। इन संस्थानों में एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  दुःखत: ITBP में तैनात जवान ने फांसी लगाकर की खुदकुशी..पुलिस जांच में जुटी..

जापान और जर्मनी में भी रोजगार

नर्सिंग शिक्षा के साथ युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया जा रहा है। सरकार के मुताबिक, वर्ष 2023 में दो बैचों के 60 अभ्यर्थियों को जापान में रोजगार मिला, जबकि वर्ष 2025 में 13 अभ्यर्थियों को जर्मनी में नौकरी मिली। विदेशी भाषाओं में प्रशिक्षण के जरिए युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

निजी संस्थानों में 10,616 सीटें

प्रदेश में जुलाई 2021 के बाद 76 निजी नर्सिंग संस्थानों को पाठ्यक्रम संचालित करने के लिए अनिवार्यता प्रमाणपत्र जारी किए गए और विभिन्न पाठ्यक्रमों में 5,138 सीटों को मंजूरी दी गई। निजी नर्सिंग संस्थानों में कुल सीटों की संख्या 10,616 बताई गई है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों के विद्यार्थी भी यहां नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध चलाये जा रहे "आप्रेशन प्रहार"अभियान के तहत उत्तराखंड STF भी मिशन मोड पर..बाहरी राज्यों से फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनाकर उत्तराखण्ड में पंजीकृत कराने वालों को भी चिन्हित कर सख्त कार्यवाही..

शिक्षकों की नियुक्ति और नई भर्ती पर फोकस

चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना के अनुसार, नर्सिंग शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए शिक्षकों की नियुक्ति और नए पदों के सृजन पर भी काम किया गया है। दिसंबर 2021 में 40 और जून 2025 तक 26 नियमित नर्सिंग ट्यूटर नियुक्त किए गए। इससे नियमित ट्यूटरों की संख्या 66 हो गई। अक्टूबर 2022 में नौ संकाय सदस्यों की नियुक्ति हुई, जबकि नवंबर 2025 में सात अन्य संकाय सदस्यों की नियुक्ति की गई।

यह भी पढ़ें 👉  नशा तस्करों पर दून पुलिस का प्रहार जारी..सेलाकुई इलाकें में सक्रिय 02 नशा तस्करों को "चरस" के साथ पुलिस ने दबोचा..

निदेशालय ने 16 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों की भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई है। वहीं, 30 ट्यूटर पदों के लिए अधियाचन उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को भेजा गया है।

हर साल 12 से 15 हजार अभ्यर्थी लेते हैं प्रवेश परीक्षा में हिस्सा

हेमवती नंदन बहुगुणा चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय की नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में हर साल लगभग 12,000 से 15,000 अभ्यर्थी आवेदन करते हैं। सरकार का कहना है कि नर्सिंग शिक्षा का विस्तार, प्रशिक्षित फैकल्टी की उपलब्धता और देश-विदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुसार, उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है।

परमजीत सिंह लाम्बा

संपादक - ख़बर सनसनी PH-7454913200,7906640014

सम्बंधित खबरें