
पांच रुपये तक नहीं थे, लेकिन आज उनके पास करीब 210 करोड़ रुपये की संपत्ति है!..सड़क से उठाकर मंत्री बनवाया..
देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। उनके पति गिरधारी साहू ने आरोप लगाया है कि रेखा आर्य ने भ्रष्टाचार के जरिए संपत्ति अर्जित की है। साहू का दावा है कि कभी उनके पास पांच रुपये तक नहीं थे, लेकिन आज उनके पास करीब 210 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
गिरधारी साहू ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मामले की जांच कराने की मांग की है। उनके आरोपों के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज होने की संभावना है।
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के आरोपों पर पति गिरधारी लाल साहू उर्फ़ पप्पू की सफ़ाई का वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने बोला – सड़क से उठाकर मंत्री बनवाया.और यह भी कहा कि भ्रष्टाचार करके दो सौ दस करोड़ का साम्राज्य बनाया। पूरी कलई जल्द खोलेंगे।
बाईट :गिरधारी लाल साहू उर्फ़ पप्पू,
हालांकि, संपत्ति और भ्रष्टाचार को लेकर लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। मामले में जांच की आधिकारिक स्थिति और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे प्रकरण की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
पति के खिलाफ FIR, फिर बिगड़ी मंत्री रेखा आर्य की तबीयत; सीने में दर्द और BP बढ़ने पर अस्पताल में भर्ती
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़ा मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ कैंट थाने में FIR दर्ज कराने के बाद मंत्री की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें देहरादून के द्वारिका चौक स्थित कृष्णा मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, सीने में दर्द और ब्लड प्रेशर बढ़ने के बाद डॉक्टरों ने उनकी जांच की। ईसीजी में मामूली दिक्कत सामने आने के बाद हृदय रोग विशेषज्ञों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
पति पर लगाए गंभीर आरोप
मंत्री रेखा आर्य ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि वर्ष 2004 में विवाह के समय उनके पति ने अपनी पहली शादी की जानकारी छिपाई थी। उन्होंने मारपीट, गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और कंपनी के निदेशक पद से हटाने के लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों व हस्ताक्षरों का इस्तेमाल करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
शिकायत में जान से मारने की धमकी और हत्या की साजिश से जुड़े आरोप भी शामिल हैं। मंत्री ने कथित ऑडियो का हवाला देते हुए अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
कई धाराओं में मुकदमा दर्ज, जांच शुरू
दी गई जानकारी के अनुसार, पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश, धमकी और मारपीट समेत विभिन्न धाराओं तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। FIR में नाम आने मात्र से किसी व्यक्ति का दोष सिद्ध नहीं होता।
रोते हुए वीडियो भी वायरल
इस पूरे घटनाक्रम के बीच रेखा आर्य का रोते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। वीडियो में वह महिलाओं से घरेलू अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने की अपील करती नजर आती हैं। उनका संदेश है— “महिला आम हो या खास, घरेलू अत्याचार नहीं सहना है, उसे कहना है।”..मंत्री ने यह कदम अपने और अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए उठाने की बात कही है। इस घटनाक्रम के बाद उत्तराखंड के राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। अब मामले में पुलिस जांच और संबंधित पक्षों के आधिकारिक बयानों पर सबकी नजरें टिकी हैं।











