
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में मध्य प्रदेश के मंडला से सांसद एवं लोकसभा की अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति कल्याण समिति के सभापति फग्गन सिंह कुलस्ते ने शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान दोनों नेताओं के बीच जनकल्याण, सामाजिक समावेशन और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समुदायों के उत्थान से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। साथ ही समाज के सभी वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और वंचित एवं जरूरतमंद लोगों के सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण पर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य विकास की मुख्यधारा का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना और सभी नागरिकों को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना है।














