जागरूकता:देहरादून में कम मतदान वाले बूथों पर 75% से अधिक वोटिंग का लक्ष्य, स्वीप अभियान तेज..

डीएम डॉ. आशीष चौहान ने सभी विभागों को दिए विशेष मतदाता जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश, पिछले चुनावों में 50% से कम मतदान वाले बूथों पर रहेगा विशेष फोकस..
देहरादून में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने पिछले चुनावों में 50 प्रतिशत से कम मतदान वाले बूथों पर विशेष अभियान चलाकर मतदान प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इन बूथों पर आगामी विधानसभा चुनाव में 75 प्रतिशत से अधिक मतदान का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
स्वीप कार्यक्रम के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पंचायती राज, परिवहन, खेल, उद्योग और नगर निगम समेत विभिन्न विभाग मतदाताओं को जागरूक करेंगे। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को मतदान के महत्व से अवगत कराना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।
इसी क्रम में मसूरी के सनातन धर्म इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को मतदान और लोकतंत्र की भूमिका की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव देने के लिए विद्यालय में छात्र परिषद के चुनाव भी लोकतांत्रिक प्रणाली के अनुरूप कराए गए। वहीं, जोड़ी गांव में ग्रामीणों को आगामी चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कम मतदान वाले क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया है, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में अधिकाधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें।

यह भी पढ़ें 👉  सख़्ती: पछुवा दून में सरकारी भूमि अतिक्रमण पर प्रशासन की सख़्ती..शंकरपुर में सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया..


परमजीत सिंह लाम्बा

संपादक - ख़बर सनसनी PH-7454913200,7906640014

सम्बंधित खबरें