
धनतेरस-दीपावली पर बाजारों में बढ़ेगी पुलिस की निगरानी, अतिक्रमण पर कार्रवाई और ज्वैलरी शॉप्स-बैंकों की सुरक्षा के निर्देश; साइबर अपराधों के निस्तारण में लापरवाही पर फटकार, घटनाओं पर थाना प्रभारियों की जवाबदेही तय..
देहरादून: त्योहारी सीजन और आगामी वीआईपी कार्यक्रमों को लेकर दून पुलिस अलर्ट मोड पर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने देर रात तक चली मैराथन बैठक में अधीनस्थ अधिकारियों को कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए सख्त निर्देश दिए। साफ चेतावनी दी गई कि पुलिस चेकिंग में लापरवाही या यातायात व्यवस्था में कोताही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी..14 अक्टूबर को पुलिस कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, यातायात निरीक्षकों, अग्निशमन अधिकारियों और शाखा प्रभारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।

धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी। मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर वर्दी के साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती करने के निर्देश दिए गए हैं। पलटन बाजार समेत सर्राफा बाजारों में गश्त बढ़ाई जाएगी। ज्वैलरी शॉप्स, बैंकों, एटीएम और गोल्ड लोन व फाइनेंस कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था भी जांची जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में कमी मिलने पर संबंधित प्रबंधकों को नोटिस देने के निर्देश हैं।
सड़कों और फुटपाथों से हटेगा अस्थायी अतिक्रमण। यातायात के दबाव वाले मार्गों, चौराहों और मुख्य बाजारों में दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को पीक आवर्स में व्यस्त मार्गों पर स्वयं मौजूद रहकर यातायात सुचारू रखने को कहा गया है। साथ ही, अग्निशमन विभाग को भीड़भाड़ वाले इलाकों में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में दमकल और अन्य आपातकालीन वाहन आसानी से पहुंच सकें।
अपराधियों पर निगरानी, लंबित मामलों के जल्द खुलासे पर जोर। एसएसपी ने पूर्व में आपराधिक घटनाओं में सामने आए और जमानत पर चल रहे आरोपियों का नियमित भौतिक सत्यापन करने तथा संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। लंबित आपराधिक मामलों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र अनावरण को कहा गया।
बैठक में सीसीटीएनएस पोर्टल पर सूचनाएं समय से अपडेट नहीं करने और साइबर शिकायतों के निस्तारण में अपेक्षित कार्रवाई न होने पर भी थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाई गई। ई-जीरो एफआईआर और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल से जुड़ी शिकायतों का शीघ्र विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। स्पष्ट किया गया कि साइबर मामलों में अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं, शहीद दिवस, राज्य स्थापना दिवस और प्रस्तावित वीआईपी-वीवीआईपी कार्यक्रमों के मद्देनजर संदिग्धों की चेकिंग, सत्यापन और सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा, शांति और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं होनी चाहिए।












