
देहरादून:उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अग्निवीरों के भविष्य को लेकर बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना से नवंबर 2026 में सेवानिवृत्त होने जा रहे पहले बैच के दो अग्निवीरों को 40वीं वाहिनी पीएसी में उपलब्ध रिक्त पदों के सापेक्ष समायोजित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
केंद्र सरकार की ओर से उत्तराखंड के दो अग्निवीरों के समायोजन को लेकर भेजे गए प्रस्ताव के बाद राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है। इससे सेना में सेवा देने के बाद इन युवाओं को प्रदेश में भी सेवा करने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में शुरू की गई अग्निपथ योजना युवाओं में अनुशासन, राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि अग्निवीर सेना में सेवा के दौरान जो कौशल, अनुभव और अनुशासन अर्जित करते हैं, वह राष्ट्र की अमूल्य पूंजी है।












