
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के शहरी स्थानीय निकायों और सड़क निर्माण से जुड़े कार्यों के लिए कुल ₹400.9 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। इसमें शहरी स्थानीय निकायों को ₹328 करोड़ 27 लाख 80 हजार रुपये और तीन गैर-निर्वाचित निकायों को ₹3 करोड़ की धनराशि अवमुक्त करने की मंजूरी शामिल है।
मुख्यमंत्री ने छठे राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों की प्रत्याशा में पंचम राज्य वित्त आयोग के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 की तीसरी किश्त के तहत शहरी स्थानीय निकायों को अक्टूबर से दिसंबर 2026 की अवधि के लिए यह धनराशि जारी करने का अनुमोदन दिया है। वहीं, तीन गैर-निर्वाचित निकायों को अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक की दूसरी छमाही किश्त के लिए ₹3 करोड़ जारी किए जाएंगे।
डीडीहाट में सीसी मार्ग निर्माण को मंजूरी
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की कुणिया ग्राम सभा में तपड़ी घाट से गोलमानू प्राथमिक विद्यालय तक सीसी मार्ग निर्माण के लिए ₹72.63 लाख की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।












