
सरकारी सेवा में 332 युवाओं की नई शुरुआत, CM धामी बोले- सेवाभाव और संवेदनशीलता से निभाएं जिम्मेदारी..
देहरादून :मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में आयुष विभाग के 271 और कर्मचारी राज्य बीमा योजना के 61 एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारियों समेत कुल 332 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने सभी नव नियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र मिलना जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन इसके साथ जनसेवा की बड़ी जिम्मेदारी भी शुरू होती है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी को केवल रोजगार न मानें, बल्कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनाएं।
CM धामी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कार्मिकों की भूमिका सीधे लोगों के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ी है। अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने वाला हर व्यक्ति उम्मीद लेकर आता है। ऐसे में कार्मिकों की संवेदनशीलता, तत्परता और ईमानदार प्रयास आमजन के भरोसे को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में भर्ती व्यवस्था को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सरकार ने प्रभावी कदम उठाए हैं। नकल माफिया पर कठोर कार्रवाई और सख्त नकल विरोधी कानून के परिणामस्वरूप युवाओं को उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर सरकारी सेवा में अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
आयुष प्रदेश और ग्लोबल वेलनेस हब बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड योग, आयुर्वेद और औषधीय जड़ी-बूटियों की समृद्ध परंपरा वाला राज्य है। सरकार प्रदेश को मॉडल ‘आयुष प्रदेश’ और ‘ग्लोबल वेलनेस हब’ के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।
सभी जनपदों में आयुष सेवाओं का विस्तार, पंचकर्म सेवाओं का आधुनिकीकरण और आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्रों की स्थापना की जा रही है। ई-संजीवनी के माध्यम से घर बैठे विशेषज्ञ परामर्श और ‘आयुष सेतु पोर्टल’ जैसी पहल से स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़ा जा रहा है।
13 जिलों तक पहुंची ESI योजना
CM धामी ने बताया कि कर्मचारी राज्य बीमा योजना की स्वास्थ्य सेवाएं पहले प्रदेश के छह जनपदों तक सीमित थीं, जिन्हें अब सभी 13 जनपदों तक विस्तारित किया गया है। रुद्रपुर में 100 बेड के ESI अस्पताल का संचालन शुरू हो चुका है, जबकि हरिद्वार में 300 बेड के अस्पताल का निर्माण जारी है। काशीपुर में भी ESI अस्पताल के लिए भूमि चिन्हित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए 47 नए चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है।उन्होंने नव नियुक्त कार्मिकों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवाभाव के साथ काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा और क्षमता विकसित एवं सशक्त उत्तराखण्ड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर सहित शासन एवं विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहें…















